Sushasan Tihar 2026 : सुशासन तिहार में रायगढ़ को बड़ी सौगात, CM साय ने किया अत्याधुनिक FSL लैब का उद्घाटन
- Rohit banchhor
- 17 May, 2026
इस नई प्रयोगशाला के शुरू होने से रायगढ़, सक्ती और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों में अपराध जांच प्रक्रिया को बड़ी मजबूती मिलने वाली है।
Sushasan Tihar 2026 : रायपुर। विष्णुदेव साय ने सुशासन तिहार 2026 के अवसर पर रायगढ़ के राजामहल क्षेत्र में अत्याधुनिक क्षेत्रीय न्यायिक विज्ञान प्रयोगशाला (FSL लैब) का शुभारंभ किया। इस नई प्रयोगशाला के शुरू होने से रायगढ़, सक्ती और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों में अपराध जांच प्रक्रिया को बड़ी मजबूती मिलने वाली है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बदलते दौर में अपराधों की जांच केवल पारंपरिक तरीकों से संभव नहीं है। वैज्ञानिक साक्ष्य और फॉरेंसिक तकनीक आज अपराध अनुसंधान की सबसे अहम कड़ी बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश की कानून व्यवस्था को आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक संसाधनों से मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है।
नई एफएसएल लैब शुरू होने से अब हत्या, दुष्कर्म, आत्महत्या और एनडीपीएस जैसे गंभीर मामलों के सैंपल जांच के लिए पुलिस को बिलासपुर नहीं भेजना पड़ेगा। ब्लड सैंपल, विसरा, केमिकल, स्लाइड और मादक पदार्थों की जांच अब स्थानीय स्तर पर ही संभव हो सकेगी, जिससे विवेचना में लगने वाला समय काफी कम होगा।
इस मौके पर ओ.पी. चौधरी ने इसे रायगढ़ जिले के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि इस लैब के जरिए अपराध जांच प्रक्रिया तेज, पारदर्शी और अधिक प्रभावी बनेगी, जिससे पीड़ितों को जल्द न्याय मिलने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम में राधेश्याम राठिया, देवेन्द्र प्रताप सिंह, जीवर्धन चौहान, मयंक चतुर्वेदी और शशि मोहन सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

