Raipur City Crime : सूखे नशे का बड़ा नेटवर्क बेनकाब, 14 तस्कर गिरफ्तार, 60 किलो गांजा जब्त
Raipur City Crime : रायपुर। रायपुर में एण्टी क्राईम एण्ड साइबर यूनिट ने अंतर्राज्यीय सूखे नशे के सिंडिकेट का पर्दाफाश करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस उपायुक्त (क्राईम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला के मार्गदर्शन में महज 24 घंटे के भीतर कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर लगभग 60 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी उरला थाना क्षेत्र के एक किराए के मकान को अपना ठिकाना बनाकर ओडिशा से गांजा मंगाते थे और वहां से रायपुर सहित उत्तर प्रदेश के सोनभद्र, आगरा, नोएडा समेत अन्य शहरों में सप्लाई करते थे। आरोपी बीते एक माह से सुनियोजित तरीके से गांजा डंप कर रेल मार्ग के जरिए इसकी तस्करी कर रहे थे।

इस कार्रवाई में थाना कोतवाली के हिस्ट्रीशीटर मुकेश बनिया से जुड़े दो सदस्यों की गिरफ्तारी भी हुई है, जिनके पास से 4 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने उरला, सिविल लाइन और कोतवाली थाना क्षेत्रों में अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर कुल चार मामलों में कार्रवाई की है।
उरला थाना क्षेत्र में की गई रेड के दौरान 40 किलो से अधिक गांजा बरामद हुआ, वहीं सिविल लाइन और कोतवाली क्षेत्र से भी गांजा के साथ आरोपियों को पकड़ा गया। पुलिस को आशंका है कि यह एक संगठित गिरोह है, जिसके तार देश के अन्य राज्यों तक फैले हुए हैं। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर पूछताछ कर रही है, ताकि इस पूरे नेटवर्क की जड़ तक पहुंचकर कार्रवाई की जा सके।

