बागेश्वर धाम में भाजपा नेताओं का जमावड़ा, बाबा धीरेंद्र शास्त्री से की मुलाकात
छतरपुर: मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध बागेश्वर धाम में आज भाजपा के वरिष्ठ नेता और सांसद मनोज तिवारी, मध्य प्रदेश के दो उपमुख्यमंत्रियों राजेंद्र शुक्ला और जगदीश देवड़ा, साथ ही पंचायत मंत्री प्रहलाद पटेल ने पहुंचकर बालाजी के दर्शन किए और आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस दौरान नेताओं ने बागेश्वर धाम के प्रमुख पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से मुलाकात की और विभिन्न विषयों पर चर्चा की। भाजपा नेताओं ने बागेश्वर धाम में आयोजित होने वाले कार्यक्रम स्थल का दौरा किया और तैयारियों का जायजा लिया। इस अवसर पर बाबा बागेश्वर के साथ मंत्रियों ने जिला प्रशासन से कार्यक्रम की तैयारियों और व्यवस्थाओं के बारे में विस्तृत जानकारी हासिल की।

सूत्रों के अनुसार, यह दौरा आगामी धार्मिक और सामाजिक आयोजनों को लेकर चर्चा और समन्वय के लिए किया गया। बागेश्वर धाम, जो अपने चमत्कारिक और आध्यात्मिक महत्व के लिए जाना जाता है, एक बार फिर सुर्खियों में है, क्योंकि देश भर से श्रद्धालु और राजनेता यहां पहुंच रहे हैं। इस मुलाकात को राजनीतिक और धार्मिक दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

