दहेज की भेंट चढ़ी शादी, थार और 10 लाख नहीं दिए तो बारात लेकर नहीं पहुंचा दूल्हा, सजी-धजी अकेली रह गई दुल्हन
भोपाल। राजधानी भोपाल में एक शादी दहेज की भेंट चढ़ गई। दरअसल शादी के लिए मंडप सजकर तैयार था और बारात आने का इंतजार किया जा रहा था। लेकिन दहेज लोभी ससुराल की वजह से एक बेटी के हाथ पीले होने से रह गए। पूरा मामला राजधानी भोपाल के कोहेफिजा थाना क्षेत्र के स्वागत गार्डन का है। जहां राजगढ़ से बारात आने वाली थी लेकिन उससे पहले ही वर पक्ष ने 10 लाख रुपए और थार गाड़ी की डिमांड कर दी।
डिमांड लड़की पक्ष पूरा नहीं कर पाया और उसी की नाराजगी में दूल्हा बारात लेकर नहीं पहुंचा। फिलहाल वधू पक्ष की ओर से थाने में आवेदन दिया गया है पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। परिजनों की मानो तो दुल्हन तैयार हो चुकी थी। सभी मेहमान आ चुके थे। सिर्फ बारात का इंतजार हो रहा था। शनिवार शाम 5 बजे आने वाली बारात देर रात तक नहीं आई, तो दुल्हन और उनके परिजन की आंखें भीग गईं। एक-एक करके मेहमान भी चले गए और हलालपुर स्थित मैरिज गार्डन में सन्नाटा पसर गया।
दुल्हन और उसके परिजन का आरोप है कि लड़के वाले उनसे दहेज में थार गाड़ी और 10 लाख रुपए की मांग रहे थे। इसलिए बारात लेकर नहीं आए। अचानक बारात नहीं आने से दुल्हन की मां की तबीयत बिगड़ गई, उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुल्हन के परिजन देर रात रिपोर्ट दर्ज कराने कोहेफिजा थाने पहुंचे।
भोपाल के ईंटखेड़ी, गौतम नगर निवासी राम भरोसे भिलाला की बेटी निकिता की शादी शुक्रवार को हलालपुर स्थित स्वागत गार्डन में थी लड़की की मामी शारदा ठाकुर ने बताया कि साल 2023 में निकिता की सगाई छापीहेड़ा, राजगढ़ निवासी जीएस चौहान के बेटे राहुल से तय हुई थी। जीएस चौहान पुलिस में इंस्पेक्टर हैं और बेटा व्यवसाय करता है। बताते हैं कि राहुल भाजपा से जुड़ा है।

