CG News : 3000 तेंदुपत्ता संग्रहण हितग्राहियों को भुगतान में देरी, ग्रामीणों में आक्रोश...
- Rohit banchhor
- 23 Aug, 2024
CG News : बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में तेंदुपत्ता संग्रहण के 3000 से अधिक हितग्राहियों को
CG News : बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में तेंदुपत्ता संग्रहण के 3000 से अधिक हितग्राहियों को अब तक उनके मेहनत का भुगतान नहीं मिला है, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश और निराशा फैली हुई है। धनोरा समिति के सैकड़ों ग्रामीण, जिनमें प्रमुख रूप से बुधराम तेलम, राजू तेलम, और जेम्स कुड़ियम शामिल हैं, तेंदुपत्ता के भुगतान में हो रही देरी के कारण वनमंडलाधिकारी (डीएफओ) कार्यालय पहुंचे।
CG News : ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुपत्ता उनके लिए आय का प्रमुख स्रोत है, जिससे वे कृषि कार्य करते हैं और अपने बच्चों की शिक्षा का खर्च पूरा करते हैं। इस साल तेंदुपत्ता तोड़ाई की राशि का भुगतान नहीं होने के कारण उनकी आर्थिक स्थिति गंभीर रूप से प्रभावित हुई है।
CG News : सीपीआई ने दी आंदोलन की चेतावनी-
सीपीआई नेता कमलेश झाड़ी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने डीएफओ कार्यालय पर पहुंचकर अपना आक्रोश व्यक्त किया। हालांकि, मौके पर डीएफओ मौजूद नहीं थे। इस पर सीपीआई नेता ने डीएफओ से फोन पर संपर्क किया, जिसमें डीएफओ ने जल्द ही इस मुद्दे को हल करने का आश्वासन दिया और संबंधित शाखा में शिकायत दर्ज कराने की बात कही।
CG News : सीपीआई के जिला सचिव कमलेश झाड़ी ने मीडिया से बातचीत करते हुए प्रशासन और छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार पर आदिवासी हितों के प्रति लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि बस्तर के तेंदुपत्ता संग्रहण के पैसे अब तक ग्रामीणों को नहीं मिले हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 10 दिनों के भीतर भुगतान नहीं किया गया, तो ग्रामीण आंदोलन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
CG News : डीएफओ का स्पष्टीकरण-
डीएफओ रंगानाथन बीजापुर ने बताया कि जिले में कुल 3000 हितग्राहियों के बैंक खातों में त्रुटियां पाई गई थीं, जिससे भुगतान में देरी हो रही थी। उन्होंने यह भी बताया कि अब इन खातों में सुधार कर लिया गया है और एक हफ्ते के भीतर हितग्राहियों के खाते में भुगतान कर दिया जाएगा। इस आश्वासन के बावजूद, ग्रामीणों में भुगतान में देरी को लेकर अभी भी चिंता और असंतोष बना हुआ है, और वे जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान चाहते हैं।

