CG Crime : नशे के खिलाफ बड़ा अभियान, 10 घंटे में 5 छापेमारी, 685 किलो गांजा और 4.61 करोड़ का सामान जब्त, 13 तस्कर गिरफ्तार
- Rohit banchhor
- 31 Mar, 2026
वाहनों और अन्य सामान के साथ कुल जब्ती का मूल्य 4.61 करोड़ रुपए के पार पहुंचा है।
CG Crime : महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने नशे के कारोबार पर कड़ी कार्रवाई करते हुए 10 घंटे के भीतर 5 अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान 685 किलो गांजा और 700 नशीली टैबलेट जब्त की गई, जिनकी कुल कीमत लगभग 3.42 करोड़ रुपए बताई जा रही है। वाहनों और अन्य सामान के साथ कुल जब्ती का मूल्य 4.61 करोड़ रुपए के पार पहुंचा है।
पुलिस ने इस मामले में 13 तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनके तार कई राज्यों से जुड़े होने का खुलासा हुआ है। जांच में पता चला कि आरोपी घरेलू सामान की आड़ में गांजा छिपाकर तस्करी कर रहे थे, ताकि कोई शक न कर पाए। गांजा और अन्य नशीले पदार्थों की सप्लाई ट्रक, पिकअप, कार और बाइक के जरिए की जा रही थी।
यह कार्रवाई बसना, कोमाखान, सिंघोड़ा और महासमुंद थाना क्षेत्रों की पुलिस ने संयुक्त रूप से की। पुलिस ने बताया कि पिछले तीन महीनों में 4,000 किलो से अधिक गांजा जब्त किया जा चुका है। यह अभियान ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत लगातार जारी है और जिले में नशे के कारोबार पर निगरानी बढ़ाई जा रही है।

