CG Fraud : 3 महीने में रकम डबल का झांसा, फर्जी कंपनी बनाकर 38 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार
CG Fraud : दुर्ग। दुर्ग जिले में निवेश के नाम पर बड़ा फ्रॉड सामने आया है। फर्जी कंपनी बनाकर रकम दोगुना करने का लालच देकर 38 लाख से अधिक की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी धर्मेंद्र कुमार बंजारे ने AMS Solution और M/s R-V Group Company के नाम से फर्जी निवेश योजना चलाई।
उसने दुर्ग के संतरा बाड़ी निवासी जयदीप सिंह कंडा को 3 महीने में रकम डबल करने का झांसा दिया और कुल 38 लाख 25 हजार रुपये हड़प लिए। आरोपी और उसके साथियों ने आकर्षक रिटर्न का लालच देकर पीड़ित को निवेश के लिए तैयार किया। भरोसा जीतने के बाद चरणबद्ध तरीके से बड़ी रकम ऐंठ ली। जब पैसे वापस नहीं मिले तो पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ और उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वैशाली नगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को रायपुर के सड्डू इलाके से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। साथ ही उसके अन्य साथियों और नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

