CG Accident : नेशनल हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, तरबूज से भरी पिकअप को आयरन ओर लदे ट्रक ने मारी टक्कर, चालक की मौत
CG Accident : धमतरी। रायपुर–धमतरी नेशनल हाईवे पर बुधवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। संबलपुर ओवरब्रिज के आगे डीपीएस स्कूल के पास तरबूज से भरी पिकअप वाहन को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में पिकअप चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका एक साथी घायल हो गया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
CG Accident : पंचर होने के बाद सड़क किनारे खड़ी थी पिकअप
जानकारी के अनुसार मानपुर की ओर से तरबूज लेकर आ रही पिकअप वाहन डीपीएस स्कूल के पास अचानक पंचर हो गई थी। वाहन चालक चेतन साहू (25 वर्ष), निवासी भेंडी मगरलोड और उसका सहयोगी तरुण साहू (18 वर्ष) सड़क किनारे गाड़ी खड़ी कर टायर बदल रहे थे। इसी दौरान पीछे से रायपुर की ओर जा रहा आयरन ओर से भरा तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर खड़ी पिकअप से जा टकराया।
CG Accident : टक्कर के बाद ट्रक भी पलटा
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में चालक चेतन साहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तरुण साहू के हाथ में चोट आई है। वहीं टक्कर मारने वाला ट्रक भी कुछ दूरी पर जाकर पलट गया।
CG Accident : राहत कार्य में स्थानीय लोगों ने की मदद
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और सामाजिक संगठन के सदस्य मौके पर पहुंचे। वरदान परमार्थ सेवा संस्था के शिवा प्रधान, डूमन साहू, योगेश साहू और अमन साहू ने राहत कार्य में सहयोग किया। उनकी मदद से मृतक के शव को जिला अस्पताल की मर्चुरी पहुंचाया गया।
CG Accident : वाहनों को हटाकर यातायात कराया गया बहाल
बाद में टोल प्लाजा की क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाया गया, जिसके बाद नेशनल हाईवे पर यातायात सामान्य किया गया।अर्जुनी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

