UP Assembly : यूपी विधानसभा का कल एकदिवसीय विशेष सत्र, 11 बजे शुरू होगी कार्यवाही
UP Assembly : लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार महिला आरक्षण बिल को लेकर सियासी मोर्चा तेज कर रही है। उत्तराखंड और मध्य प्रदेश के बाद अब यूपी में भी 30 अप्रैल को विधानमंडल का विशेष सत्र बुलाया जाएगा। इस सत्र में केंद्र द्वारा लाए गए ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के समर्थन में प्रस्ताव पारित किया जाएगा और विपक्षी दलों खासकर सपा के रवैये पर सवाल उठाए जाएंगे।
UP Assembly : कैबिनेट ने दी मंजूरी
रविवार को हुई कैबिनेट बैठक में बाई-सर्कुलेशन के जरिए इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई थी। मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि विशेष सत्र बुलाने का मुख्य उद्देश्य महिला सशक्तिकरण पर चर्चा करना है। उन्होंने कहा कि आधी आबादी को सशक्त बनाने की दिशा में कोई भी बाधा नहीं छोड़ी जाएगी।
UP Assembly : महिला आरक्षण पर सपा पर निशाना
मंत्री सुरेश खन्ना ने सपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि अगर नारी शक्ति वंदन संशोधन पास हो जाता तो 2029 के चुनाव से ही महिलाओं को लोकसभा और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण मिल जाता। लेकिन सपा ने इस ऐतिहासिक संशोधन के खिलाफ वोट किया। खन्ना ने कहा कि सपा कभी परिवारवाद और जातिवाद से ऊपर नहीं उठ पाती।
UP Assembly : पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर BJP का भरोसा
महिला आरक्षण मुद्दे पर चर्चा के दौरान मंत्री ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव पर भी बात की। उन्होंने दावा किया कि बंगाल में भाजपा अच्छा प्रदर्शन कर रही है और वहां भाजपा सरकार बनने की प्रबल संभावनाएं हैं।
UP Assembly : विशेष सत्र का मकसद
30 अप्रैल को होने वाले एक दिवसीय विशेष सत्र में न सिर्फ महिला आरक्षण बिल के समर्थन में प्रस्ताव पास किया जाएगा, बल्कि विपक्षी दलों की “महिला विरोधी मानसिकता” को भी उजागर किया जाएगा। योगी सरकार इस मुद्दे को लेकर विपक्ष पर लगातार दबाव बनाए हुए है।

