Breaking News : बेंगलुरु में दर्दनाक हादसा, अस्पताल के पास दीवार गिरने से 7 लोगों की मौत, 3 बच्चे भी शामिल
- Rohit banchhor
- 29 Apr, 2026
यह घटना बॉरिंग और लेडी कर्जन अस्पताल के पास उस समय हुई जब एक कंपाउंड की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई।
Breaking News : बेंगलुरु। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में बुधवार को एक बड़ा और दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें सात लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन मासूम बच्चे भी शामिल हैं। यह घटना बॉरिंग और लेडी कर्जन अस्पताल के पास उस समय हुई जब एक कंपाउंड की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दीवार बिना किसी चेतावनी के अचानक ढह गई और आसपास मौजूद लोग उसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत मलबा हटाने की कोशिश शुरू कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा और घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
लेकिन कई लोगों को बचाया नहीं जा सका। घटना की गंभीरता को देखते हुए कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। बाद में मुख्यमंत्री कार्यालय ने सात लोगों की मौत की आधिकारिक पुष्टि की। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के लिए 5-5 लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की है।
वहीं उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने भी तत्काल प्रतिक्रिया देते हुए पुलिस कमिश्नर से बातचीत की और अपनी बैठक बीच में छोड़कर घटनास्थल की ओर रवाना होने की बात कही। उन्होंने राहत कार्यों की निगरानी और पीड़ितों को हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया। प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

