फिटजी कोचिंग सेंटर के बाहर अभिभावकों का प्रदर्शन, सरकार से पैसे वापस दिलाने की मांग
MP News : भोपाल। राजधानी भोपाल के एमपी नगर स्थित फिटजी कोचिंग क्लासेस में ताले लगे हुए हैं। फिटजी कोचिंग बंद होने से लगभग 700 अभिभावकों के 12 करोड़ रुपए फंस गए हैं। आज अभिभावकों ने हाथों में तख्तियां लेकर फीस वापसी के लिए सेंटर के सामने धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान अभिभावकों ने आरोप लगाया कि वह पुलिस और प्रशासन से पूरे मामले को अवगत करा चुके हैं। लेकिन शिकायत करने के बाद भी कोई एक्शन नहीं लिया जा रहा है।
MP News : उन्होंने बताया कि जिस समय आईआईटी और अन्य इंजीनियरिंग संस्थानों में एडमिशन के लिए पूरा वक्त अभ्यर्थी परीक्षा पर फोकस करते हैं, उस कीमती समय में फिटजी में एडमिशन ले चुके छात्र और अभिभावक प्रदर्शन के लिए मजबूर हैं। फिटजी के बीच सत्र में अचानक बंद होने से सैकड़ों छात्र और उनके माता-पिता परेशान हैं। एमपी नगर फिटजी सेंटर के सामने आज अभिभावकों ने संचालक डीके गोयल के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उन्हें भगोड़ा बताया। प्रदर्शन करने पहुंचे छात्र क्या अभिभावक दीपक राय ने बताया कि उन्होंने 2 लाख 56 हज़ार रुपए देकर यहां एडमिशन करवाया था।
MP News : उन पैसों से सिर्फ 3 महीने पढ़ाई करवाई गई उसके बाद यह सेंटर बंद करके भाग गए, उन्होंने बताया कि केंद्र बंद करने से पहले भी उन्होंने योजनाबद्ध तरीके से नए एडमिशन लिए और कई पेरेंट्स को चूना लगाया है। उन्होंने पूरे मामले में सरकार के गृह मंत्रालय से मांग की है कि इस मामले में वह अपना हस्तक्षेप करें और अभिभावक के पैसे वापस करवाएं। गौरतलब है कि शिकायत के मुताबिक, हर पेरेंट्स के लगभग 2 लाख या उससे ज्यादा रुपए फंसे हुए हैं।
MP News : कुल मिलाकर यह राशि करीब 12-15 करोड़ तक पहुंचती है। इस मामले ने न केवल बच्चों के भविष्य को खतरे में डाला है, बल्कि अभिभावकों को भी आर्थिक रूप से परेशान कर दिया है। एक पेरेंट्स ने बताया कि शिकायत के बाद कलेक्ट्रेट ने कोचिंग सेंटर का गुमास्ता रद्द कर दिया है। प्रशासन की ओर से अभिभावकों को उनके फंसे पैसे वापस दिलाने का आश्वासन मिला है। हालांकि, पुलिस की तरफ से अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

