हत्या के आरोपी ने थाने में खुद को लगाई आग, 4 पुलिसकर्मी झुलसे...
- Rohit banchhor
- 22 Feb, 2025
पुलिस का कहना है कि अजय पंवार का व्यवहार पहले से ही आक्रामक रहा है और उसके खिलाफ कई गंभीर आरोप दर्ज हैं।
MP News : रतलाम। मध्यप्रदेश के रतलाम में हत्या के आरोपी अजय पंवार 35 वर्ष ने बीती रात डीडी नगर पुलिस थाने के अंदर खुद को आग लगा ली। इस घटना में आग बुझाने की कोशिश करते हुए 4 पुलिसकर्मी भी झुलस गए। आरोपी को प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर के अस्पताल में रेफर किया गया है।
MP News : बता दें कि घटना शुक्रवार रात करीब 12 बजे की है। अजय पंवार नशे की हालत में थाने पहुंचा और कुछ लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने का दबाव बनाने लगा। वह बाहर से ही खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आया था। पुलिसकर्मी उसे समझाने की कोशिश कर रहे थे कि अचानक उसने माचिस जलाकर खुद को आग लगा ली। आग बुझाने की कोशिश में हेड कॉन्स्टेबल राजेंद्र मेवाड़ा, कॉन्स्टेबल राकेश, एएसआई मुरली मकवाना और पुलिसकर्मी जगदीश के हाथ झुलस गए। उन्हें भी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
MP News : बताया जाता है कि अजय पंवार पर हत्या समेत 6 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह शहर में एक ऑटो चालक की हत्या का आरोपी है, जिसमें कोर्ट ने उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। कुछ दिनों से वह जमानत पर था। इसी मामले में 9 जनवरी को उसने गवाहों के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज करवाया था। रतलाम एसपी अमित कुमार ने इस घटना की जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि अजय पंवार का व्यवहार पहले से ही आक्रामक रहा है और उसके खिलाफ कई गंभीर आरोप दर्ज हैं।

