MP Crime : रिटायर्ड अधिकारी से 9.60 लाख लेकर थमाया हज का फर्जी वीजा और टिकट, पढ़ें पूरी खबर...
- Rohit banchhor
- 14 Sep, 2024
शाहिद, पत्नी के साथ हज पर जाने से पहले जून माह में अपने बेटे से मिलने पुणे पहुंचे,
MP Crime : भोपाल। ऐशबाग इलाके में रहने रिटायर्ड अधिकारी से हज के नाम पर 9.60 लाख रुपए ठग लिए। दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद अधिकारी को मालूम हुआ कि ट्रेवल एजेंसी के संचालक ने उन्हें फर्जी टिकट और फर्जी वीजा दिया है। घटना जून माह की है, जांच के बाद पुलिस ने ट्रेवल संचालक के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
MP Crime : एसीपी सुनील श्रीवास्तव ने बताया कि शाहिद हसन 62 वर्ष नवीन नगर, ऐशबाग में रहते हैं, वह पीएचई विभाग में चीफ इंजीनियर के पद पर पदस्थ थे। एक साल पहले वह रिटायर्ड हुए हैं। शाहिद ने पुलिस को बताया कि पत्नी के साथ उन्होंने हज 2024 पर जाने लिए विज्ञापन देखकर अल हज सहूलियत उमरा टूर ऑर्गेनाइजेशन के नाम की ट्रेवल एजेंसी के संचालक रफीक खान से संपर्क किया। यात्रा तय होने पर जनवरी में चेक से 4.60 लाख रुपए का भुगतान किया। इसके बाद 3 लाख के चेक और 2 लाख रुपए नकद दिए। इस तरह करीब 9.60 लाख रुपए रफीक को दिए थे।
MP Crime : शाहिद, पत्नी के साथ हज पर जाने से पहले जून माह में अपने बेटे से मिलने पुणे पहुंचे, वहां से हज के सफर पर जाने के लिए दिल्ली रवाना हुए। दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने पर उनको पता चला कि टिकट और वीजा फर्जी है। वहां से जब शाहिद ने फोन पर ट्रेवल एजेंसी के संचालक रफीक से बात की तो वह उन्हें गुमराह करने लगा। शाहिद भोपाल पहुंचे और ऐशबाग थाने में शिकायत की। पुलिस ने तीन महीने की जांच के बाद रफीक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मुल्ला कॉलोनी, करोंद में उसका ऑफिस है।

