UP Accident : गलत दिशा से आई रोडवेज बस की टक्कर से गहरे गड्ढे में गिरी कार, दंपती समेत तीन की मौत
- Rohit banchhor
- 29 May, 2026
हादसे में पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कार चालक गंभीर रूप से घायल है।
UP Accident : प्रयागराज। प्रयागराज के गंगापार इलाके में शुक्रवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे ने तीन जिंदगियां छीन लीं। हंडिया कोतवाली क्षेत्र के भेस्की गांव के पास रोडवेज बस और कार की आमने-सामने की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार करीब 10 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कार चालक गंभीर रूप से घायल है।
मृतकों की पहचान जौनपुर जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र निवासी 60 वर्षीय राकेश त्रिपाठी, उनकी पत्नी 58 वर्षीय प्रभावती देवी और भदोही निवासी 27 वर्षीय शुभम दुबे के रूप में हुई है। वहीं कार चला रहे राहुल त्रिपाठी की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक राकेश त्रिपाठी अपनी पत्नी, बेटे राहुल और रिश्तेदार शुभम के साथ कार से झूंसी जा रहे थे। इसी दौरान भेस्की गांव के पास गलत दिशा से आ रही रोडवेज बस ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वाहन सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरा।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग और राहगीर तुरंत मदद के लिए पहुंचे। सूचना मिलते ही हंडिया पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।
घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने राकेश त्रिपाठी, प्रभावती देवी और शुभम दुबे को मृत घोषित कर दिया। वहीं राहुल का इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल परिसर में चीख-पुकार और मातम का माहौल देखने को मिला। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

