ब्रेक फेल होने से अनियंत्रित ट्रक मंदिर के पिलर से टकराया, कोई हताहत नहीं
भोपाल। राजधानी भोपाल के शाहजहांनाबाद थाना क्षेत्र में शुक्रवार- शनिवार की दरमियानी रात्रि एक ट्रक के ब्रेक फेल होने से वह सड़क किनारे मौजूद दुर्गा मंदिर के पिलर से जा टकराया। हादसे के बाद मंदिर का पिलर क्षतिग्रस्त हो गया,सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को सड़क से हटवा कर यातायात को शुरू करवाया। जानकारी के मुताबिक नो एंट्री खुलने के बाद माल से लदा ट्रक शहर में डिलीवरी देने के लिए पहुंचा था।
इस बीच ढलान पर से उतरते समय उसके ब्रेक फेल हो गए। ट्रक अनियंत्रित होता देख ड्राइवर ने ऑटो और बाइक सवारों को बचाने के चक्कर में ट्रक को मंदिर की ओर मोड़ दिया। जिससे वह मंदिर के पिलर से टकरा गया। हादसे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मंदिर का पिलर क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस की मानो तो हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। हादसे के बाद ट्रक को सड़क से हटवा कर यातायात को थोड़ी देर बाद ही सुचारू रूप से शुरू कर दिया गया था।

