Raipur City News: अशोका-रतन अपार्टमेंट की 6वीं मंजिल से कूदा छात्र,इलाज के दौरान मौत
Raipur City News: रायपुर। राजधानी रायपुर में अशोका रतन में अपार्टमेंट की 6वीं मंजिल से कूदकर एक बीटेक छात्र ने आत्महत्या कर ली है। बताया जा रहा है कि वो पिछले कुछ दिनों से डिप्रेशन में था। घटना पंडरी थाना इलाके की है।
बिल्डिंग से नीचे गिरने के बाद छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे परिजनों और पड़ोसियों ने इलाज के लिए विधानसभा इलाके में स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, छात्र की पहचान गौरव जायसवाल के रूप में हुई है। उसने गुरुवार दोपहर अशोका रतन अपार्टमेंट की ब्लॉक नंबर-9 की 6वीं मंजिल से छलांग लगा दी।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि गौरव पिछले कुछ दिनों से डिप्रेशन में था। हालांकि उसने यह कदम क्यों उठाया, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है और छात्र के मोबाइल और अन्य दस्तावेजों की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले में जांच शुरू कर दी है।

