Raipur City Crime : दिनदहाड़े गैस एजेंसी मैनेजर से 10 लाख की लूट, बाइक सवार बदमाशों ने दी वारदात को अंजाम
- Rohit banchhor
- 06 Jun, 2026
घटना के बाद पुलिस ने शहरभर में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
Raipur City Crime : रायपुर। राजधानी रायपुर में शनिवार शाम उस समय सनसनी फैल गई जब बाइक सवार तीन बदमाशों ने गैस एजेंसी के मैनेजर से 10 लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया। व्यस्त सड़क पर हुई इस वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद पुलिस ने शहरभर में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, महोबा बाजार निवासी श्रवण साहू एक गैस एजेंसी में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। वे अग्रसेन चौक स्थित कार्यालय से भुगतान की राशि लेकर टाटीबंध स्थित मुख्य कार्यालय जा रहे थे। कार में लगभग 10 लाख रुपये नकद रखे हुए थे।
बताया जा रहा है कि जैसे ही उनकी कार डगनिया बाजार क्षेत्र के पास पहुंची, एक बाइक पर सवार तीन युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। इसके बाद बदमाशों ने श्रवण साहू के साथ मारपीट की और कार के भीतर रखा नकदी से भरा बैग लेकर मौके से फरार हो गए।
पीड़ित के अनुसार, तीनों आरोपी अपने चेहरे स्कार्फ से ढके हुए थे, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है। वारदात के बाद उन्होंने तत्काल डीडी नगर थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया। पुलिस पीड़ित से भी पूछताछ कर घटनाक्रम की पूरी जानकारी जुटा रही है। शहर के प्रमुख मार्गों और निकास बिंदुओं पर नाकेबंदी कर संदिग्धों की तलाश की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि लूटेरों की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की मदद ली जा रही है तथा जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

