Cockroach Janata Party: जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग तेज
Cockroach Janata Party: नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर अपना विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों को राजधानी के कई महत्वपूर्ण इलाकों में तैनात किया गया है।
अभिजीत दीपके के नेतृत्व में जुटे समर्थक
सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके के नेतृत्व में बड़ी संख्या में समर्थक जंतर-मंतर पहुंचे। पार्टी का आरोप है कि परीक्षाओं और भर्ती प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं के लिए शिक्षा मंत्रालय जिम्मेदार है। इसी मुद्दे को लेकर प्रदर्शनकारी मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।
सरकार पर साधा निशाना
प्रदर्शन के दौरान अभिजीत दीपके ने कहा कि सरकार उनकी मांगों पर ध्यान देने के बजाय संगठन की सोशल मीडिया गतिविधियों पर ज्यादा फोकस कर रही है। उन्होंने कहा कि देश के युवा अब अपनी आवाज बुलंद करने से पीछे नहीं हटेंगे।
एयरपोर्ट पर रोके जाने का दावा
जंतर-मंतर पर मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए दीपके ने दावा किया कि उन्हें दिल्ली एयरपोर्ट से बाहर निकलने में काफी देर तक परेशानी का सामना करना पड़ा।
राजधानी में सुरक्षा के विशेष इंतजाम
प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली में अर्द्धसैनिक बलों की करीब 40 कंपनियां तैनात की गई हैं। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है और वाहनों की सघन जांच की जा रही है।

