मीडिया के समक्ष अपनी बात सकारात्मकता और तथ्यों के साथ रखें: जीतू पटवारी
भोपाल। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी की अध्यक्षता में आज प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक, अभा कांग्रेस के प्रवक्ता अभय दुबे और प्रदेश कांग्रेस कम्युनिकेशन के इंचार्ज अभय तिवारी की उपस्थिति में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में मीडिया विभाग की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में प्रदेश कांग्रेस के सभी प्रवक्तागण मौजूद थे। पटवारी ने बैठक में प्रवक्तागणों के साथ संगठनात्मक और मीडिया एवं सोशल मीडिया में सकारात्मकता और समन्वयता के साथ काम करने के निर्देश देते हुये 6 महीने की कार्ययोजना पर चर्चा की। पटवारी ने कहा कि मीडिया के समक्ष कोई भी प्रवक्ता पार्टी फोरम से हटकर बात न करें, जो निर्देश पार्टी की ओर से दिये जाने उस पर विशेष ध्यान रखा जाये। पटवारी ने कहा कि प्रदेश ही नहीं देश की भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार और हर वर्ग पर अत्याचार चरम पर है।
हमें सकारात्मक और तथ्यों के साथ आक्रमक होकर भाजपा के समक्ष अपना पक्ष रखना है। मप्र में भ्रष्टाचार चरम पर हैं और भाजपा नेताओं के भ्रष्टाचार को बेनकाब करने के लिए पूरे तथ्यों के साथ मीडिया के समक्ष अपनी बात रखें। पटवारी ने बैठक में कहा कि भाजपा ने प्रदेश की जनता से जो वादे अपने संकल्प पत्र में किये थे, उन वादों से वह मुकर गई हैं और जनता को गुमराह कर माफियाओं को संरक्षित कर रही हैं। प्रदेश में अपराध और अपराधी बढ़ रहे हैं, कानून-व्यवस्था पूरी तरह से समाप्त हो चुकी है। कांग्रेस पार्टी का प्रवक्ता मीडिया के समक्ष इन मुद्दों पर पूरी तैयारी के साथ डिबेट में बैठे और भाजपा के भ्रमित करने वाले मुद्दों को धराशायी करते हुये अपनी बात पूरे आक्रमक तरीके से रखे। पटवारी ने प्रवक्तागणों और कांग्रेस के मीडिया विभाग के साथियों को निर्देश देते हुये कहा कि अपने-अपने जिलों में हो रहे भ्रष्टाचार, दलितों, आदिवासियों, पिछड़ा वर्ग पर हो रहे अनाचार को प्रमुखता से उठायें। स्थानीय मुद्दों को जनता तक पहुंचाने के लिए मीडिया और सोशल मीडिया में ज्यादा से ज्यादा शेयर करें।

