शादी की सालगिरह के बाद से लापता इंजीनियर का मिला रेलवे ट्रैक पर शव, पुलिस जांच में जुटी
MP News : भोपाल। शहर के छोला मंदिर थाना क्षेत्र से लापता हुए एक इंजीनियर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने का मामला सामने आया है। मृतक इंजीनियर अपनी शादी की सालगिरह के बाद से ही गायब था और परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज करवाई थी। मृतक नागेंद्र सिंह नागपुरिया का शव छोला थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले रेलवे ट्रैक पर कटा हुआ बरामद पाया गया। मामले में पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने शव का पंचनामा बनाने के बाद पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौप दिया है।
MP News : मृतक नागेंद्र के परिजनों के मुताबिक, 20 जनवरी को उनकी शादी की सालगिरह थी, जिसके बाद वह अचानक लापता हो गए। इसके बाद परिजनों ने उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट पुलिस में दर्ज करवाई। 22 जनवरी को उनका शव रेलवे ट्रैक पर मिला, जिसे पहचानने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। एसीपी ऋचा जैन ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है, लेकिन फिलहाल कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। नागेंद्र पेशे से इंजीनियर थे और छह महीने पहले ही गुजरात से भोपाल लौटे थे। उनके दो बच्चे हैं। मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

