स्वच्छता सर्वेक्षण का काउंटडाउन शुरू, कभी आ सकती है टीम, 12 नए पैरामीटर्स जोड़े गए
भोपाल। राजधानी में स्वच्छ सर्वे 2024 का काउंट डाउन शुरू हो चुका है यानी दिल्ली से सर्वे टीमें कभी भी आ सकती है। नगर निगम दावा कर रहा है कि वह सर्वे के लिए पूरी तरह तैयार है। जबकि हकीकत यह है कि चुनौती पहले से ज्यादा बड़ी है। क्योंकि स्वच्छता सर्वे पैरामीटर्स में न सिर्फ बदलाव किया गया है, बल्कि नए पैरामीटर्स भी जोड़े गए हैं। यही नहीं पिछली बार 9500 अंकों का सर्वे इस बार 12,500 अंकों का होगा, यानी सर्वे में 3000 अंकों का इजाफा किया गया है। यही नहीं सर्वे को अलग-अलग चरणों में बांटा गया है।
पहला और दूसरा चरण जहां 500-500 अंकों का होगा, वहीं तीसरा और चौथा चरण 4500-4500 अंकों यानी कुल 9000 अंकों का होगा। साथ ही ओडीएफ, वॉटर प्लस के 1200 अंक, गार्बेज फ्री सिटी (जीएफसी) स्टार रेटिंग के 1300 अंक तय किए गए हैं। स्वच्छता सर्वे पैरामीटर्स मेंबदलाव और अंकों में इजाफे की जानकारी गुरुवार को आयोजित कार्यशाला में महापौर की मौजूदगी में आयुक्त हरेंद्र नारायण ने दी।
उन्होंने कहा कि अब परीक्षा का समय आ गया है और हमें नए मानकों के अनुसार कार्यों पर ध्यान देना है और पूर्व में तय 9500 के स्थान पर अब 12,500 अंक जुटाने की कोशिश करनी है। आयुक्त ने कहा कि परीक्षा के पूर्व की जाने वाली तैयारी के समान ही स्वच्छ सर्वेक्षण की तैयारी करना है और अपने शहर को देश की स्वच्छतम राजधानी के साथ ही देश का सबसे स्वच्छ शहर भी बनाना है। कार्यशाला में स्वच्छ सर्वेक्षण-2024 की नई गाईड लाईन और अंकों की जानकारी पॉवर पॉइंट प्रजेंटेशन के जरिए दी।

