फरवरी के इस तारीख से शुरू होगी नवमीं-ग्यारहवीं की वार्षिक परीक्षाएं, 10-12वीं की भी जारी रहेगी पढ़ाई...
MP News : भोपाल। मध्य प्रदेश में परीक्षाओं का दौर शुरू होने जा रहा है।नवमीं-ग्यारहवीं की वार्षिक परीक्षा के दौरान दसवीं-बारहवीं की पढ़ाई जारी रहेगी। इस अवधि में अवकाश नहीं रहेगा। 9वीं-11वीं का परीक्षा परिणाम पंद्रह मार्च तक घोषित कर दिया जाएगा। इस संबंध में लोक शिक्षण संचालनालय ने दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। लोक शिक्षण की नवमीं- ग्यारहवीं की वार्षिक परीक्षा 5 फरवरी से आयोजित की जा रही है। परीक्षा के प्रश्न-पत्रों के निर्माण में आंशिक संशोधन किया गया है।
MP News : लोक शिक्षण ने जारी निर्देशों में कहा गया है कि अब कक्षा 11वीं में मनोविज्ञान एवं कृषि (मानविकी) के प्रश्नपत्र जिला स्तर पर तैयार किए जाएंगे। समाजशास्त्र के प्रश्नपत्र हिन्दी एवं अंग्रेजी माध्यम में राज्य स्तर से उपलब्ध कराए जाएंगे। वार्षिक परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए विकासखंड शिक्षा अधिकारी नोडल तथा विकासखंड के उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य मूल्यांकन केंद्र अधिकारी होंगे। प्रत्येकशासकीय हाई/ हायर सेकेंडरी स्कूल के प्राचार्य केंद्राध्यक्ष प्रतिदिन परीक्षा उपरांत उत्तर पुस्तिकाओं को विषयवार एवं कक्षावार सील करेंगे एवं सुरक्षित रखेंगे।
MP News : कक्षा 9वीं एवं 11 वीं की वार्षिक परीक्षा के दौरान कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों के लिए कठिन टॉपिक्स का रिवीजन रूप से कराया जाएगा। कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों का उक्त अवधि का अवकाश घोषित नहीं होगा। सभी प्राचार्य 10 मार्च तक मूल्यांकन कार्य पूर्ण करेंगे तथा अंक पत्रक विकासखंड के उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य को जमा करेंगे। इस वर्ष अंकसूची के प्रारुप में भी परिवर्तन किया गया है। इस हेतु विमर्श पोर्टल पर अंकसूची तैयार करने हेतु मॉड्यूल (विशेष पेज) निर्मित किया गया है। उक्त पेज से अंकसूची एवं अंक पत्रक तैयार किये जा सकते हैं। समस्त विकासखंड के उत्कृष्ट विद्यालय प्राचार्य उक्त मॉड्यूल (विशेष पेज) से परीक्षा परिणाम तैयार कर 15 मार्च को परीक्षा परिणाम घोषित करेंगे।

