उज्जैन सिंहस्थ की तैयारियों को लेकर उज्जैन में जुटेगा प्रशासनिक अमला, समीक्षा कर देंगे दिशा निर्देश
भोपाल। प्रयागराज के बाद मध्य प्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन में होने जा रहे सिंहस्थ की तैयारियों का लॉन्ग टर्म एक्शन प्लान बनाने के लिए प्रदेश के आला अफसर उज्जैन में जुटेंगे। महापर्व में व्यवस्थाएं बेहतर बनाने और सभी गतिविधियां समय सीमा पूरा करने पर चर्चा होगी। इसके लिए अपर मुख्य सचिव राजेश राजौरा दो फरवरी को दिन भर अधिकारियों के साथ मैराथन बैठक करेंगे। प्रत्येक इंतजाम और विभाग के साथ अलग-अलग बात कर जानकारी लेंगे। इस दौरान संबंधित विभाग योजना, तैयारियों का प्रेजेंटेशन देंगे।
एसीएस राजौरा की बैठक की शुरुआत सुबह दस बजे पीडब्ल्यूडी, मप्र सड़क विकास निगम, राष्ट्रीय राजमार्ग, वन, खनिज विभाग, मप्र विद्युत वितरण कंपनी, रेलवे, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिकारियों के साथ होगी। उनसे उज्जैन की बाहरी सड़कों के निर्माण व परिवहन की समीक्षा करेंगे। फिर अगले एक घंटे शहर के अंदरूनी मागों के विस्तार व चौड़ीकरण पर उज्जैन नगर निगम, विकास प्राधिकरण और स्मार्ट सिटी से चर्चा करेंगे।
ट्रैफिक, परिवहन, पार्किंग, मोबिलिटी प्लान, इंटिग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, इंटेलीजेंट ट्रेफिक मैनेजमेंट सिस्टम और डिजिटल व सूचना प्रौद्योगिकी पर उज्जैन की स्थानीय एजेंसियों के साथ ही पुलिस की मौजूदगी में विचार-विमर्श किया जाएगा। बिजली, पानी, सीवर, साफ-सफाई, शौचालय एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, स्वास्थ्य व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा करेंगे।

