एक और महिला सेलेब्रिटी पहुंची महाकुंभ, लगाई आस्था की डुबकी, सोशल मीडिया पर तस्वीरें वायरल
प्रयागराज: 12 सालों में एक बार लगने वाले महाकुंभ में आम श्रद्धालुओं के साथ ही तमाम बॉलीवुड सितारे, और राजनीतिज्ञ भी जाकर संगम में डुबकी लगा रहे हैं। इस बीच बॉलीवुड एक्ट्रेस निम्रत कौर ने भी महाकुंभ में आस्था की डुबकी लगाई। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर महाकुंभ की कुछ तस्वीरें और वीडियो शेयर किए हैं।
इन तस्वीरों में निम्रत कौर गंगा में डुबकी लगाते हुए, जल अर्पित करते हुए और गंगा मैया को वस्त्र और पुष्प अर्पित करते हुए नजर आ रही हैं। उन्होंने गंगा मैया को दूध भी अर्पित किया।
निम्रत कौर ने इन तस्वीरों के साथ एक लंबा-चौड़ा कैप्शन भी लिखा है।

उन्होंने लिखा, "इस अनुभव को शब्दों में बयां करना आसान नहीं है। मैं उस चीज़ को आत्मसात कर रही हूं जिसमें भाग लेने का मुझे बहुत सौभाग्य मिला है।" उन्होंने आगे लिखा, "एक सिख परिवार में पले-बढ़े होने के कारण, कुंभ मेला स्नान का महत्व एक बिल्कुल नई अवधारणा है। महाकुंभ की अद्वितीय ऐतिहासिक घटना ने वास्तव में मुझे इस मंत्रमुग्ध कर देने वाले त्योहार की पौराणिक कथाओं और इतिहास में गहराई से डूबने पर मजबूर कर दिया।" निम्रत कौर ने इस विशाल मेले के आयोजन को मैनेज करने के लिए यूपी पुलिस और स्थानीय प्रशासन के प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने लिखा, "मैं प्रशासन की आभारी हूं जिन्होंने इस विशाल आयोजन को इतनी सुंदरता से मैनेज किया।"
निम्रत कौर अपकमिंग प्रोजेक्ट्स
निम्रत कौर की आखिरी फिल्म साजनी शिंदे थी, जो 27 अक्टूबर 2023 को सिनेमाघरों में रिलीज़ हुई थी। इस फिल्म में राधिका मदान ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। अब निम्रत कौर जल्द ही अक्षय कुमार और सारा अली खान के साथ फिल्म स्काई फोर्स में नजर आएंगी। यह फिल्म 24 जनवरी 2025 को रिलीज़ होने वाली है।

