हमीदिया-जीएमसी में 30 डार्क स्पॉट, तीन करोड़ से होगी लाइटिंग, लगेंगे दो सौ कैमरे
भोपाल। हमीदिया और गांधी मेडीकल कॉलेज में जितने डार्क स्पॉट हैं, वहां चारों ओर लाइट की व्यवस्था होगी और दो सौ कैमरे लगाए जाएंगे। इस व्यवस्था में ईदगाह हिल्स स्थित टीबी अस्पताल भी कवर किया जाएगा। इस संबंध में प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।
गांधी मेडीकल कॉलेज और हमीदिया में 30 ऐसे स्पॉट चिह्नित किए गए हैं, जहां रात्रि के समय अंधकार पसरा रहता है। इन्हीं स्थानों से असामाजिक तत्वों की आवाजाही बढ़ने की आशंका समझी है, जबकि ईदगाह हिल्स स्थित टीबी अस्पताल में 10 स्थान देखे गए हैं, जहां प्रकाश की जरूरत है। हमीदिया-जीएमसी और टीबी अस्पताल में दो सौ कैमरों की आवश्यकता महसूस हुई है। सभी जगहों पर लाइटिंग और सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं।
इसके लिए तीन करोड़ रुपए का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। कॉलेज का कहना है कि धनराशि प्राप्त होते ही कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। गांधी मेडीकल कॉलेज का कहना है कि जहां डार्क स्पॉट हैं वहां पर हाईपावर की लाइटें लगाई जाएंगी, ताकि रात्रिके समय इनके उजाले में हर गतिविधि समझ में आ सके। कैमरे बेहतर गुणवत्ता के होंगे।
हमीदिया अस्पताल में रात्रि कालीन निरीक्षण के लिए 18 डॉक्टरों का पैनल बना है। गांधी मेडीकल कॉलेज का कहना है कि दो सप्ताह से निरंतर निरीक्षण हो रहा है। अभी तक कही भी कोई खामी सामने नहीं आई है। गार्ड मुस्तैदी से अपना काम कर रहे हैं। रात्रि के समय जो सुरक्षा व्यवस्था बनाई गई है। वह काम भी गाइडलाइन के अनुसार चल रहा है।

