CG News : शादी के भोज के बाद 40 लोग हुए फूड पॉइजनिंग का शिकार, बासी खाना खाने से बिगड़ी तबीयत, स्वास्थ्य विभाग ने लगाया कैंप
CG News : बिलासपुर। जिले के मुकुंदपुर गांव में शादी समारोह के बाद बासी खाना खाने से करीब 40 लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए। खाना खाने के कुछ ही देर बाद लोगों को उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, गांव के एक परिवार में 7 मार्च को शादी समारोह आयोजित हुआ था। कार्यक्रम के बाद बचा हुआ दाल, चावल और गोभी की सब्जी अगले दिन लोगों को परोसी गई। यह खाना खाने के बाद एक-एक कर लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। बीमार लोगों में महिलाएं, पुरुष और बड़ी संख्या में बच्चे शामिल हैं। स्थिति को देखते हुए करीब 37 लोगों को मस्तुरी के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि कुछ मरीजों को पामगढ़ के अस्पताल भेजा गया है।

फिलहाल सभी मरीजों की हालत स्थिर बताई जा रही है। मस्तूरी के बीएमओ डॉ. अनिल कुमार कंवर ने बताया कि सामूहिक भोज के बाद कई लोगों की तबीयत खराब होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद तुरंत उन्हें अस्पताल लाकर इलाज शुरू किया गया।
वहीं मामले को गंभीरता से लेते हुए सीएमएचओ डॉ. शुभ्रा गढ़ेवाल ने स्वास्थ्य विभाग की टीम को गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाने के निर्देश दिए। टीम ने गांव में कैंप लगाकर लोगों की जांच शुरू कर दी है और घर-घर सर्वे कर दवाइयां भी बांटी जा रही हैं। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।

