जयप्रकाश अस्पताल की छत से टपक रहा पानी, कीमती मशीने हुई खराब
भोपाल। राजधानी भोपाल में बारिश का दौर जारी है। ऐसे में सरकारी इमारतें जवाब दे रही हैं। शहर के जेपी उर्फ जयप्रकाश अस्पताल भी अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा हैं। यहां पर छत से पानी टपक रहा है जिससे कीमती मशीन खराब होने लगी है। जेपी अस्पताल शहर ही नहीं प्रदेश का मॉडल अस्पताल है। स्वास्थ्य विभाग जेपी अस्पताल की तर्ज पर ही प्रदेश के अन्य जिला अस्पतालों को भी विकसित करना चाहता है। लेकिन जेपी अस्पताल के हाल खराब हैं।
बीते दिनों हुई बारिश के बाद अस्पताल की व्यवस्थाएं बिगड़ गई है। यहां जगह जगह बारिश का पानी भरा हुआ है, तो बिजली के खुले तार लटक रहे हैं। यही नहीं प्रबंधन सही ना होने से मरीजों को इलाज से लेकर जांच और दवा के लिए घंटो परेशान होना पड़ रहा है। इतनी परेशानियों के बावजूद अस्पताल प्रबंधन इसे मौसमी परेशानी मान रहा है, जो एक दो दिन में अपने आप ही ठीक हो जाएंगी।
फ्लोर पर भरा रहता है पानी
रजिस्ट्रेशन के आसपास ज्यादा परेशानी है। यहां कोनों में बारिश का पानी भरा हुआ है, जिससे हमेशा फिसलने का डर बना रहता है। यही नहीं ज्यादा दिन तक पानी भरे होने से इसमें डेंगू के लार्वा भी पनपने लगते हैं। यहां लंबी वेटिंग के दौरान बैठने के लिए लगाई गई बैंच छत से टपक रहे पानी के कारण हर समय गीली पड़ी रहती है। जिसके कारण मरीज खड़े रहकर अपनी बारी का इंतजार करने को मजबूर हैं। यही नहीं परिसर में जगह जगह कीचड़ हो गया है। जिसकी वजह से लोगों के फिसल कर गिरने का डर बना रहता है।
एक्सरे की 3 में से 2 मशीनें बंद
जेपी अस्पताल में एक्सरे के लिए मरीजों को डेढ़ से दो घंटे इंतजार करना पड़ रहा है। यह स्थिति इस लिए बनी क्योंकि अस्पताल में मौजूद तीन मशीनों में से दो बंद पड़ी है। अस्पताल के कर्मचारियों के अनुसार ब्लॉक बी में संचालित दोनों मशीनें बंद हैं। वहीं सिर्फ एक ब्लॉक में लगी मशीन ही चल रही है। बता दें, रोजाना जेपी में लगभग 150 एक्सरे होते हैं लेकिन वर्तमान में आधे ही हो पा रहे हैं

