चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का फाइनल जीतने वाली टीम पर होगी पैसों की बारिश, तो रनर-उप को भी मिलेंगा करोड़ों का इनाम
दुबई/मुंबई: चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का आज फाइनल मुकाबला भारत और न्यूजीलैंड के बीच दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। क्रिकेट फैंस की नजर इस रोमांचक जंग पर टिकी है, जो दूसरी बार ICC टूर्नामेंट के फाइनल में दोनों टीमों को आमने-सामने लाया है। विजेता टीम न सिर्फ ट्रॉफी, बल्कि करोड़ों रुपये की इनामी राशि भी अपने नाम करेगी।
इनाम के तौर पर कितनी मिलेगी धनराशि
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के लिए कुल 69 लाख डॉलर (लगभग 60.06 करोड़ रुपये) की पुरस्कार राशि तय की है। टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाली हर टीम को कम से कम 1.25 लाख डॉलर (करीब 1.08 करोड़ रुपये) मिलेंगे। ग्रुप स्टेज में हर जीत के लिए 34,000 डॉलर (लगभग 2.95 लाख रुपये) का बोनस भी दिया जाएगा। फाइनल जीतने वाली टीम को 2.24 मिलियन डॉलर (करीब 19.49 करोड़ रुपये) और उपविजेता को 1.12 मिलियन डॉलर (लगभग 9.74 करोड़ रुपये) मिलेंगे। अगर भारत आज जीतता है, तो ग्रुप स्टेज के बोनस सहित उसे कुल 2.46 मिलियन डॉलर (लगभग 21.4 करोड़ रुपये) मिल सकते हैं। हारने पर भारत को 1.34 मिलियन डॉलर (करीब 11.6 करोड़ रुपये) मिलेंगे।
इतिहास और मौका
साल 2000 में न्यूजीलैंड ने स्टीफन फ्लेमिंग की कप्तानी में सौरव गांगुली की भारतीय टीम को हराकर खिताब जीता था। भारत ने 2002 में श्रीलंका के साथ ट्रॉफी साझा की और 2013 में इसे अकेले अपने नाम किया। अब भारत के पास तीसरा खिताब जीतने का मौका है, जबकि न्यूजीलैंड दूसरी बार चैंपियन बनने की कोशिश में है।

