रात के अंधेरे में होटल को बना रखा था जुए का अड्डा, मैनेजर समेत 8 जुआरी गिरफ्तार
भोपाल। क्राइम ब्रांच पुलिस ने राजधानी भोपाल के चौक बाजार लखेरापुरा स्थित एक होटल में छापे की कार्रवाई कर 8 आदतन जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने होटल के मैनेजर को भी आरोपी बनाया है। सभी आरोपी होटल की चौथी मंजिल स्थित एक कमरे में जुए की महफिल जमाए हुए थे। ताश पत्तों के अलावा करीब 56 हजार रुपए नगदी बरामद हुई है। होटल के मालिक की भूमिका भी संदेह के घेरे में बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में यदि मालिक दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
एडिशनल डीसीपी शैलेन्द्र सिंह चौहान के मुताबिक बीती रात करीब दो बजे मुखबिर से सूचना मिली कि चौक बाजार कोतवाली क्षेत्र में कुछ लोग ताश पत्तों पर अवैध रूप से रुपए पर हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच की टीम ने होटल की घेराबंदी कर दी और होटल की चौथी मंजिल स्थित छत पर पहुंची। वहां एक कमरे में 8 लोग ताश पत्तों से जुआ खेलते मिले। क्राइम ब्रांच ने सभी 8 जुआरियों को घेराबंदी कर दबोच लिया। जुआरियों के पास ताश पत्तों के अलावा 55 हजार 700 रुपए नगद बरामद हए।
मैनेजर की परमिशन से चल रहा था जुआः
पुलिस ने बताया कि क्राइम ब्रांच को पिछले कई दिनों से लखेरापुरा स्थित होटल में जुआ खिलाए जाने की सूचना मिल रही थी। पुख्ता जानकारी मिलने पर क्राइम ब्रांच ने छापे की कार्रवाई कर दी। हालांकि पुलिस ने गिरफ्त में आए 8 जुआरियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई की है। लेकिन होटल के मालिक और मैनेजर की भूमिका भी इस मामले में संदेह के घेरे में थी। लिहाजा पुलिस ने होटल के मैनेजर को भी आरोपी बनाया है जबकि होटल मालिक की भूमिका के बारे में जांच की जा रही है। गिरफ्त में आए जुआरियों में कुछ आदतन जुआरी और कुछ व्यापारी वर्ग से हैं।

