Raipur City News : 50 कॉप्स का मेगा ऑपरेशन, 9 राज्यों में फैले अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के नेटवर्क का भंडाफोड़, 9 आरोपी गिरफ्तार
- Rohit banchhor
- 25 Mar, 2026
विशेष अभियान में अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के बड़े नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया।
Raipur City News : रायपुर। रायपुर पुलिस ने 48 घंटे के विशेष अभियान में अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के बड़े नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई में उड़ीसा के पांच जिलों बरगढ़, बलांगीर, टिटलागढ़, कंधमाल और बौध से कुल 9 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई में मध्यप्रदेश, राजस्थान, उत्तरप्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, दिल्ली, गुजरात, पंजाब और उड़ीसा तक फैले नेटवर्क पर चोट की गई।
’’इस ऑपरेशन के लिए एसीसीयू, एएनटीएफ और थानों की 50 सदस्यीय टीम बनाई गई थी, जिसका नेतृत्व प्राइम साप डॉ. नरेश पटेल ने किया। टीम ने लगातार 48 घंटे अभियान चलाकर उड़ीसा में एक साथ छापामारी की और अंतर्राज्यीय तस्करों को धर-दबोचा।
’’पुलिस कमिश्नरेट बनने के बाद आईजी संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन में नशे के खिलाफ अब तक 62 प्रकरणों में 107 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें 36 अंतर्राज्यीय आरोपी शामिल हैं। इस कार्रवाई में ढाई करोड़ रुपये की मादक पदार्थ सामग्री भी जब्त की गई।
गिरफ्तार आरोपियों में परमानंद रावण 22 वर्ष, निवासी बरगढ़, उड़ीसा, पिंटू प्रधान 26 वर्ष निवासी बरगढ़, उड़ीसा, चंद्रशेखर पटवा 27 वर्ष निवासी महाराष्ट्र, घनश्याम गढ़ातिया 54 वर्ष निवासी बरगढ़, उड़ीसा, जगबंधु सुनानी उर्फ जतिन 30 वर्ष निवासी कालाहांडी, उड़ीसा, प्रमोद महानंद 25 वर्ष निवासी बलांगीर, उड़ीसा, भागवत साहू 34 वर्ष, निवासी टिटलागढ़, उड़ीसा, रंजीत डिगल 28 वर्ष, निवासी कंधमाल, उड़ीसा व लक्ष्मीधर बेहरा 38 वर्ष, निवासी बौध, उड़ीसा है।
पुलिस ने पूरे नेटवर्क की आगे की जांच शुरू कर दी है और आशंका जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में इस गिरोह से जुड़े और बड़े खुलासे सामने आ सकते हैं।

