Raipur City News : अश्लील वीडियो भेजकर ब्लैकमेल करने वाला गिरोह का पर्दाफाश, नाबालिग समेत 6 गिरफ्तार
- Rohit banchhor
- 21 May, 2026
50 हजार रुपये की उगाही करने के मामले में एक नाबालिग सहित 6 आरोपियों को हिरासत में लिया है।
Raipur City News : रायपुर। रायपुर में सोशल मीडिया और मोबाइल के जरिए ब्लैकमेलिंग करने वाले गिरोह का खुलासा हुआ है। सिविल लाइन पुलिस के टीम ने अश्लील वीडियो भेजकर 50 हजार रुपये की उगाही करने के मामले में एक नाबालिग सहित 6 आरोपियों को हिरासत में लिया है।
पुलिस के मुताबिक प्रार्थी को 20 मई 2026 की शाम एक मोबाइल नंबर से मिस्ड कॉल आया था। जब उसने वापस कॉल किया तो आरोपियों ने उसे एक अश्लील वीडियो भेजा। वीडियो देखने के कुछ देर बाद फिर फोन कर धमकी दी गई कि यदि 50 हजार रुपये नहीं दिए गए तो वीडियो वायरल कर बदनाम कर दिया जाएगा।
पीड़ित की शिकायत पर थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 289/26 के तहत मामला दर्ज किया गया। आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के साथ आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत कार्रवाई की गई है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में तामेश्वर सोनवानी, राजकुमार कुर्रे, कोमल यादव, छोटू टंडन और सैय्यद सैफ अली शामिल हैं। सभी आरोपी नवागांव और राखी थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस गिरोह ने कितने लोगों को इसी तरह निशाना बनाया।
जांच एजेंसियां मोबाइल फोन और डिजिटल सबूतों की भी जांच कर रही हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी अनजान नंबर से आए वीडियो कॉल, लिंक या अश्लील सामग्री से सतर्क रहें और ऐसे मामलों में तुरंत पुलिस को सूचना दें।

