वीकेंड पर अवैध रूप से परोसी जा रही थी शराब, आबकारी ने दबिश दी तो बोतल छोड़ भागे लोग
भोपाल। राजधानी में आज देर रात होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों में आबकारी अमले की दबिश से वीकेंड मना रहे लोगों में भगदड़ मच गई। लोग टेबल से शराब की बोतले छोड़कर भागते नजर आए। एमपी नगर स्थित एटमॉस्फियर रेस्टोरेंट के बंद तंदूर में हाइरेंज की शराब की बोतलें छिपाकर रखी थी। इस दौरान यहां और अन्य जगहों से शराब और बीयर की करीब दो दर्जन बोतलें जब्त की गई है।

इस दौरान होटल संचालक और शराब पीने वालों पर 27 प्रकरण दर्ज किए। जिला आबकारी कंट्रोलर एचएस गोयल ने बताया कि बैरागढ़, एमपी नगर और रायसेन रोड सहित अन्य क्षेत्र के होटल्स, रेस्टोरेट और ढाबों पर दबिश दी। टू स्टेप, एवरग्रीन, शिवहरे ढाबा, एटमॉस्फियर, टीआरआर, वायु, वाटिका, खुशी रेस्टोरेंट, समायरा, समरधा रिसॉर्ट आदि में कार्रवाई की। गोयल ने बताया कि एटमॉस्फियर पर दो माह पहले भी कार्रवाई की गई थी।

