राज्यपाल मंगू भाई पटेल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर ली परेड की सलामी, 20 टुकड़ियों ने मार्चपास्ट कर दिया देशभक्ति का संदेश
भोपाल। पूरा देश 26 जनवरी 2025 को अपना 76 वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। मध्य प्रदेश सहित राजधानी भोपाल में भी गणतंत्र के रंग दिखाई दे रहे हैं। शहर के लाल परेड मैदान स्थित मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित हुए राज्य स्तरीय समारोह में राज्यपाल मंगू भाई पटेल ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। पटेल ने समारोह में राष्ट्रीय धव्ज फहराने के बाद आकाश में गुब्बारे छोड़े और परेड की सलामी लेकर निरीक्षण किया। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रमों, परम्परागत लोकनृत्यों और झांकियों की प्रस्तुति का अवलोकन किया।
इसके बाद परेड कमांडर करणदीप सिंह के नेतृत्व में मार्च पास्ट किया गया। टूआईसी अतुल कुमार सोनी के नेतृत्व में परेड में विभिन्न बलों की 20 टुकड़ियां शामिल थीं। इन 20 दलों ने देशभक्ति की धुन पर आकर्षक मार्च पास्ट किया। परेड के बाद आकाश में तिरंगे के रूप में गुब्बारे छोड़े गये।76वें गणतंत्र दिवस समारोह में छात्र-छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दीं। अशासकीय सेंट पॉल को-एड हायर सेकण्ड्री स्कूल आनंद नगर के बच्चों ने देशभक्ति के जज्बे से ओतप्रोत प्रस्तुति दी। इस कार्यक्रम में 180 छात्र-छात्राएं शामिल थे। कार्यक्रम के जरिये बताया गया कि देशभक्ति का जज्बा हर एक दिल में उमंग भर देता है और वतन की मिट्टी से जुड़ने का एहसास कराता है राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने इस मौके पर नागरिकों से आह्वान किया है कि वें एक सशक्त और समृद्ध देश बनाने में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान दें।

संविधान से मिले अधिकारों और सौंपे गए कर्तव्यों का अपने आचरण और व्यवहार में पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ पालन करें। स्वतंत्रता सेनानियों, बाबा साहेब अंबेडकर और संविधान सभा के सदस्यों के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करे। उन्होंने कहा कि मुझे गर्व है कि प्रदेश में गण और तंत्र, समान भाव, समर्पण और लगन से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आत्म-निर्भर भारत की परिकल्पना को मूलमंत्र बनाकर जनसेवा, सुशासन और प्रदेश के चहुमुखी विकास की नई यात्रा में सहभागिता कर रहे हैं।

