सीएम ने भाजपाइयों के साथ किया पं दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण, वीआइपी रोड़ पर बनने वाले नमोवन पार्क का भी हुआ भूमिपूजन
भोपाल। राजधानी भोपाल में मंगलवार को जनसंघ के संस्थापक पं. दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि के मौके पर उन्हे याद कर सीएम डॉ मोहन यादव ने भाजपाइयों के साथ लाल घाटी स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर सादर नमन किया। सीएम ने इस मौके पर कहा कि गरीब, शोषित एवं वंचितों के उत्थान के लिए समर्पित पंडित दीनदयाल उपाध्याय का संपूर्ण जीवन हमारे लिए सदैव प्रेरणा पुंज बनकर हमारा पथ आलोकित करता रहेगा।

माल्यार्पण के बाद सीएम ने 7 करोड़ की लागत से शहर के पहले हाईटेक 'नमो वन वाटिका' का भूमिपूजन किया। अब वीआईपी रोड किनारे 3 एकड़ में 6.99 करोड़ रुपए से पार्क विकसित होगा। नमोवन' सोलर लाइट से रोशन होगा, जबकि फूड, टेनिस और बैडमिंटन कोर्ट बनेंगे। फव्वारे और झूले भी रहेंगे। ताकि, यहां घूमने आने वालों को आकर्षक नजारा दिखाई दें। दावा है कि ये भोपाल का सबसे सुंदर पार्क होगा। इसी दौरान सीएम ने, अमृत-2.0 के तहत 400.27 करोड़ रुपए के सीवेज प्रोजेक्ट की शुरुआत भी की।

सीएम डॉ. मोहन यादव ने सीवेज प्रोजेक्ट के कार्यों का भूमिपूजन किया। वहीं, 3 करोड़ रुपए से खरीदी गई 4 सीवर कम जेटिंग मशीनों और पुरानी बसों को बस स्टॉप में तब्दील करने के कार्य का लोकार्पण भी किया। उन्होंने कहा कि "ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट"होने जा रही हैं,हमें गर्व है कि देश और दुनिया के उद्योगपति भोपाल आ रहे हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं इस समिट का उद्घाटन करेंगे। इस मौके पर मंत्री विश्वास सारंग, सांसद आलोक शर्मा, विधायक रामेश्वर शर्मा, भगवानदास सबनानी, महापौर मालती राय, बीजेपी जिलाध्यक्ष रविंद्र यति, निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, पूर्व जिलाध्यक्ष सुमित पचौरी, राहुल कोठारी भी मौजूद रहे।

