UP: केजीबीवी में बढ़ी सख्ती: अब हर सप्ताह देनी होगी अधिकारियों को निरीक्षण रिपोर्ट
UP: लखनऊ: प्रदेश के 746 कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों (केजीबीवी) में व्यवस्थाओं में सुधार लाने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने नई सख्ती शुरू कर दी है। हाल ही में इन विद्यालयों में पाई गई लापरवाहियों और छात्राओं की शिकायतों के बाद विभाग ने जिला स्तर पर निरीक्षण व्यवस्था को और कड़ा कर दिया है। इसके तहत अब अधिकारियों को हर सप्ताह अपने निरीक्षण की विस्तृत रिपोर्ट तय फॉर्मेट में देनी होगी।
UP: जारी किए गए इस फॉर्मेट में अधिकारियों को यह बताना होगा कि उन्होंने किन विद्यालयों का निरीक्षण किया, कौन-सी कमियां सामने आईं और उनके समाधान के लिए क्या कदम उठाए गए। इसके साथ ही जिलाधिकारी द्वारा गठित तीन सदस्यीय समिति के लिए भी अलग फॉर्मेट जारी किया गया है, जिसके आधार पर समिति अपनी रिपोर्ट डीएम को सौंपेगी।
UP: निरीक्षण रिपोर्ट में अधिकारियों को यह जानकारी देनी होगी कि केजीबीवी की दीवारों पर बाल अधिकार, पॉक्सो एक्ट की धाराएं और हेल्पलाइन नंबर अंकित हैं या नहीं, तथा छात्राओं को इनके बारे में जागरूक किया गया या नहीं। इसके अलावा मीना मंच के कार्यक्रम, सुरक्षा उपकरणों के उपयोग और विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति भी रिपोर्ट में शामिल करनी होगी।
UP: समग्र शिक्षा के उप निदेशक डॉ. मुकेश कुमार सिंह ने कहा कि नियमित फील्ड निरीक्षण से विद्यालयों की सुरक्षा और व्यवस्थाओं में बड़ा सुधार आएगा। इससे यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि वार्डेन की अनुपस्थिति में दो पूर्णकालिक शिक्षिकाएं मौजूद हों, गार्ड व अन्य कर्मचारी समय पर आएं, प्रवेश रजिस्टर अपडेट रहे और सीसीटीवी कैमरों की मॉनिटरिंग सही ढंग से हो।

