धोखाधड़ी का अनोखा मामला: प्रेमिका की सगाई के बाद प्रेमी 922 पन्नों के सबूत लेकर थाने पहुंचा, 80 लाख रुपये ठगने का लगाया आरोप...
MP News : रीवा। प्यार, भरोसा और विश्वासघात की एक चौंकाने वाली कहानी मध्य प्रदेश के रीवा जिले से सामने आई है, जहां एक प्रेमी अपनी प्रेमिका के खिलाफ 922 पन्नों का सबूत लेकर थाने पहुंच गया। युवक का आरोप है कि उसकी प्रेमिका ने तीन साल तक प्रेम संबंध में रखकर उससे 80 लाख रुपये ठग लिए और अब किसी और से सगाई कर ली। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
MP News : बता दें कि थाने में शिकायत दर्ज कराने पहुंचे युवक विवेक शुक्ला ने बताया कि 2021 में उसकी मुलाकात डभौरा की रहने वाली एक युवती से हुई थी। पहले दोनों के बीच दोस्ती हुई, फिर यह रिश्ता प्रेम में बदल गया। युवक के अनुसार, प्रेमिका ने खुद शादी का प्रस्ताव रखा था और दोनों ने साथ में महाकाल मंदिर जाकर विवाह करने की कसम खाई थी। इसी दौरान युवती ने कई बार पैसों की मांग की, जिसे पूरा करने के लिए युवक ने अपनी पूरी जमा पूंजी लगा दी। विवेक शुक्ला ने पुलिस को दिए 922 पन्नों के सबूतों में बैंक ट्रांजेक्शन, चैट, कॉल रिकॉर्डिंग और गिफ्ट की रसीदें शामिल की हैं।
MP News : 22 लाख रुपये प्रेमिका के खाते में जमा कराए, महंगे जेवरात, मोबाइल और डायमंड रिंग गिफ्ट की अन्य नकद खर्च और तोहफों को मिलाकर कुल 80 लाख रुपये खर्च हुए। युवक का कहना है कि उसने अपनी प्रेमिका की हर छोटी-बड़ी जरूरतों को पूरा किया क्योंकि वह उसे अपना भविष्य मान रहा था। लेकिन अचानक उसकी प्रेमिका ने किसी और से सगाई कर ली और उसे धोखा दे दिया। युवक ने बताया कि कुछ दिन पहले उसे अपनी प्रेमिका की सगाई की खबर मिली। जब उसने उससे इस बारे में बात करने की कोशिश की तो प्रेमिका ने खुद वीडियो कॉल करके कहा- “परेशान मत होना”।
MP News : युवक ने अपनी 922 पन्नों की सबूतों वाली फाइल लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है और अब मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद तथ्यों के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

