प्रधानमंत्री मोदी 25 दिसम्बर को बुंदेलखंड के भाग्योदय की रखेंगे आधारशिला, एमपी-यूपी के 14 जिलों के 62 लाख लोग होंगे लाभान्वित...
- Rohit banchhor
- 21 Dec, 2024
महात्मा गांधी जी एवं श्रद्वेय बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी के विचारों को साकार करने का काम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया है।
MP News : भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रेस ब्रीफिंग करते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 100 वीं जन्म शताब्दी पर 25 दिसंबर को नरेन्द्र मोदी 44,605 करोड़ रूपए की बहुप्रतीक्षित केन-बेतवा लिंक परियोजना का शिलान्यास कर बुंदेलखंड के भाग्योदय की आधारशिला रखेंगे। इस परियोजना से बुन्देलखण्ड की साढ़े दस लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई होगी, जिससे क्षेत्र के खेत लहलहायेंगे, पलायन रूकेगा, रोजगार के अवसर खुलेंगे और औद्योगीकरण तेजी से होगा।
MP News : पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का सपना था कि देश के हर गांव तक पानी पहुंचे, उस सपने को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी साकार कर रहे हैं, यही उनको सच्ची श्रद्वांजलि है। विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि दुनिया के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता प्रधानमंत्री मोदी का 25 दिसंबर को बुंदेलखंड की जनता ऐतिहासिक स्वागत करेगी। क्षेत्र के सभी निकाय व जनप्रतिनिधि आभार जता रहे हैं, कलश यात्राएं निकालकर क्षेत्र की जनता को आमंत्रण दिया जा रहा है। देश की पहली एवं बहुप्रतीक्षित नदी जोड़ो परियोजना बुंदेलखंड के विकास में मील का पत्थर बनेगी और आने वाली पीढ़ियों के लिए वरदान साबित होगी। इस परियोजना से बुंदेलखंड हरा-भरा होगा, पलायन रूकेगा, रोजगार के अवसर खुलेंगे और तेजी से औद्योगीकरण होगा।
MP News : इससे मध्यप्रदेश 10 एवं उत्तरप्रदेश के 4 जिलों सहित समूचे बुंदेलखंड क्षेत्र में साढ़े दस लाख हेक्टेयर क्षेत्र सिंचित होगा और 62 लाख से अधिक लोगों को पीने का साफ पानी उपलब्ध होगा। मध्यप्रदेश के छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, पन्ना, दमोह, विदिशा, सागर, शिवपुरी, दतिया और रायसेन जिले की जनता को इस परियोजना का लाभ मिलेगा। वहीं उत्तरप्रदेश के महोबा, बांदा, झांसी और ललितपुर जिले की जनता लाभान्वित होगी।वीडी शर्मा ने कहा कि बुंदेलखंड की गरीबी पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी रोना रोते हैं, लेकिन अटलजी के नदी जोड़ो अभियान की संकल्पना को प्रधानमंत्री मोदी साकार कर रहे हैं।
MP News : मैं मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का आभार व्यक्त करता हूं कि इस परियोजना में आ रहीं बाधाओं को उन्होंने दूर करके बुंदेलखंड के लोगों के लिए सौगात दी है एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्वयं यहां आकर बुंदेलखंड की जनता को कार्यक्रम में आने के लिए न्यौता दिया है। महात्मा गांधी जी एवं श्रद्वेय बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी के विचारों को साकार करने का काम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया है।

