MP News : बात बंद होते ही सिरफिरे ने घर में घुसकर महिला और देवर को मारी गोली, आरोपी गिरफ्तार
- Rohit banchhor
- 14 Jul, 2026
ग्वालियर में एकतरफा लगाव का खौफनाक अंजाम, महिला के सीने और बचाने आए देवर के हाथ में लगी गोली
MP News : ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर में एकतरफा लगाव ने हिंसक रूप ले लिया। पुरानी छावनी थाना क्षेत्र में एक युवक ने घर में घुसकर महिला पर गोली चला दी। महिला को बचाने पहुंचे उसके देवर को भी आरोपी ने निशाना बनाया। दोनों घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है, जबकि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, घटना मोतीझील स्थित कृष्णा नगर पहाड़ी की है। महिला का पति काम पर गया हुआ था, तभी पड़ोसी जगदीप सिंह घर में घुसा और महिला पर फायरिंग कर दी। गोली महिला के सीने में लगी। फायरिंग की आवाज सुनकर बचाव के लिए पहुंचे देवर पर भी आरोपी ने गोली चला दी, जिससे उसके हाथ में गंभीर चोट आई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले महिला से बातचीत करता था। करीब एक वर्ष पहले परिवार को इसकी जानकारी मिलने के बाद महिला ने उससे संपर्क पूरी तरह समाप्त कर दिया था। आरोप है कि इसके बाद भी आरोपी लगातार महिला पर दोबारा बात करने का दबाव बना रहा था और इसी नाराजगी में उसने वारदात को अंजाम दिया।
घटना के बाद पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

