Uttarakhand: उत्तराखंड में भारी बारिश का कहर, 100 से ज्यादा सड़कें बंद; भूस्खलन से बढ़ी मुश्किलें
Uttarakhand: देहरादून: उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश से कई इलाकों में भूस्खलन हुआ है। इसके कारण राज्य में दो राष्ट्रीय राजमार्ग समेत 100 से अधिक सड़कें बंद हो गई हैं। देहरादून में एक निर्माणाधीन भवन की दीवार गिरने से एक महिला घायल हो गई, जबकि प्रेमनगर में बना अस्थायी पुल भी बारिश से क्षतिग्रस्त हो गया। प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है और बंद सड़कों को खोलने का काम जारी है।
कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने देहरादून, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ समेत कई जिलों में भारी बारिश, बिजली गिरने और तेज गर्जना का येलो अलर्ट जारी किया है। लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन वाले इलाकों से दूर रहने की अपील की गई है। यमुनोत्री और तवाघाट-गुंजी राष्ट्रीय राजमार्गों पर मलबा हटाने का काम जारी है।
जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में भी मौसम का असर
जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के अवूरा क्षेत्र में बादल फटने से कई घरों और सड़कों को नुकसान पहुंचा है। प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य जारी हैं। वहीं हिमाचल प्रदेश में बारिश और भूस्खलन के कारण दो राष्ट्रीय राजमार्ग समेत 120 से अधिक सड़कें बंद हैं। रोहतांग में हल्की बर्फबारी भी दर्ज की गई।
अगले कुछ दिन सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल उत्तर भारत के कई हिस्सों में बारिश जारी रह सकती है। लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने, मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है। वहीं देश के कई अन्य हिस्सों में मानसून फिलहाल कमजोर बना हुआ है।

