Belgium Antwerp Fire: बेल्जियम के एंटवर्प में 10 मंजिला इमारत में लगी भीषण आग, 5 लोगों की मौत, रह रहे थे 200 लोग
Belgium Antwerp Fire: नई दिल्ली: बेल्जियम के एंटवर्प शहर में बुधवार को 10 मंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लग गई। इस हादसे में अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। अधिकारियों का कहना है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। आग लगने के समय इमारत में करीब 200 लोग मौजूद थे। सूचना मिलते ही दमकल, पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य शुरू किया गया।
बचाव अभियान जारी
आग एंटवर्प के लिंकेरोएवर इलाके में स्थित इमारत की आठवीं मंजिल पर दिखाई दी। इसके बाद पूरे भवन को खाली कराया गया। कई दमकल की गाड़ियां आग बुझाने में जुटीं, जबकि पुलिस और ड्रोन टीम ने भी राहत अभियान में मदद की। कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और घायलों को अस्पताल भेजा गया।
आग के कारणों की जांच
अधिकारियों के अनुसार, आग लगने की सही वजह अभी सामने नहीं आई है। शुरुआती जानकारी में आग भूतल से शुरू होने की आशंका जताई गई है। फोरेंसिक विशेषज्ञ पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। प्रशासन ने आसपास रहने वाले लोगों से धुएं के कारण घरों की खिड़कियां और दरवाजे बंद रखने की अपील की है।
पीएम ने जताया दुख
बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर ने हादसे पर गहरा दुख जताया। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और राहत एवं बचाव कार्य में जुटी सभी आपातकालीन सेवाओं का आभार भी माना।

