Breaking News
:

UP Accident : घायल को बचाने दौड़े लोग, बेकाबू कार ने रौंदा, दो सगे भाई समेत 5 की मौत

UP Accident

इस भीषण दुर्घटना में दो सगे भाइयों समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

UP Accident  : गोंडा। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में इंसानियत दिखाने पहुंचे लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी। गोंडा-लखनऊ हाईवे पर देर रात हुए दर्दनाक हादसे में घायल युवक की मदद कर रहे लोगों को तेज रफ्तार एसयूवी कार ने कुचल दिया। इस भीषण दुर्घटना में दो सगे भाइयों समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।


जानकारी के मुताबिक, करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र के नारायणपुर मोड़ के पास संजय तिवारी अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक डंपर ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद संजय सड़क किनारे गड्ढे में गिर गए और मदद के लिए आवाज लगाने लगे।


घायल की पुकार सुनकर सनी सिंह नामक युवक सहित कई राहगीर मौके पर पहुंचे। सभी मिलकर संजय को सुरक्षित स्थान पर ले जाने और अस्पताल पहुंचाने की तैयारी कर रहे थे। तभी करनैलगंज से लखनऊ की ओर जा रही एक तेज रफ्तार एसयूवी कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और मदद कर रहे लोगों पर चढ़ गई।


हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही चीख-पुकार मच गई। टक्कर में दो सगे भाइयों समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।


मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एसयूवी चालक आबिद और वाहन मालिक शोएब को हिरासत में ले लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है।

Popular post

Live News

Latest post

You may also like

Subscribe Here

Enter your email address to subscribe to this website and receive notifications of new posts by email.

Join Us