Ambani and Zuckerberg: गुजरात में बनेगा Meta का पहला AI डेटा सेंटर, रिलायंस के साथ हुई बड़ी साझेदारी
Ambani and Zuckerberg: नई दिल्ली: रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) और Meta ने भारत के डिजिटल और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस क्षेत्र को नई दिशा देने के लिए एक महत्वपूर्ण साझेदारी की घोषणा की है। दोनों कंपनियां गुजरात के जामनगर में 168 मेगावाट क्षमता वाला अत्याधुनिक AI-सक्षम डेटा सेंटर विकसित करेंगी। इस परियोजना को अगले दो वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि भविष्य में इसकी क्षमता बढ़ाने की भी योजना है।
रिलायंस निभाएगा अहम भूमिका
इस परियोजना में रिलायंस एंड-टू-एंड इंफ्रास्ट्रक्चर पार्टनर की भूमिका निभाएगा। कंपनी डेटा सेंटर का डिजाइन, निर्माण, बिजली प्रबंधन, नेटवर्क कनेक्टिविटी, रिन्युएबल एनर्जी सप्लाई और ऑपरेशनल सेवाओं की जिम्मेदारी संभालेगी। यह भारत में Meta के लिए विशेष रूप से तैयार किया जाने वाला पहला बिल्ट-टू-सूट AI डेटा सेंटर होगा।
जामनगर क्यों चुना गया?
जामनगर को इस प्रोजेक्ट के लिए इसलिए चुना गया है क्योंकि यहां रिन्युएबल एनर्जी, पानी की पर्याप्त उपलब्धता, जियो का मजबूत फाइबर नेटवर्क और समुद्री इंटरनेट केबल लैंडिंग स्टेशनों की नजदीकी जैसे कई रणनीतिक लाभ मौजूद हैं। डेटा सेंटर को पूरी तरह स्वच्छ ऊर्जा से संचालित किया जाएगा और कूलिंग के लिए शुद्ध किए गए समुद्री पानी का उपयोग होगा।
अंबानी और जुकरबर्ग ने जताई खुशी
रिलायंस के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने कहा कि यह साझेदारी भारत के डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को नई ऊंचाई पर ले जाएगी और जामनगर को वैश्विक AI हब के रूप में स्थापित करेगी। वहीं Meta के संस्थापक और CEO मार्क जुकरबर्ग ने कहा कि यह सुविधा कंपनी की वैश्विक AI क्षमता को मजबूत करने के साथ भारत में उसके दीर्घकालिक निवेश को भी बढ़ावा देगी।

