Ben Stokes: नाइटक्लब की घटना के बाद कप्तान बेन स्टोक्स और गस एटकिंसन टीम से बाहर, जो रूट के हाथों में इंग्लैंड की कमान, ECB कर रहा जांच
Ben Stokes: नई दिल्ली। इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने बड़ा फैसला लेते हुए कप्तान बेन स्टोक्स और ऑलराउंडर गस एटकिंसन को न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी दूसरे टेस्ट मैच से बाहर कर दिया है। दोनों खिलाड़ियों पर लॉर्ड्स टेस्ट के बाद एक नाइटक्लब में हुए कथित विवाद और टीम अनुशासन के उल्लंघन के आरोपों की जांच चल रही है। दूसरा टेस्ट 17 जून से ओवल मैदान पर खेला जाएगा।
ECB ने जारी किया आधिकारिक बयान
ECB ने अपने बयान में कहा कि चल रही जांच के कारण बेन स्टोक्स और गस एटकिंसन चयन के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे। बोर्ड मामले की पूरी जांच कर रहा है और फिलहाल दोनों खिलाड़ियों को टीम से अलग रखा गया है।
जो रूट संभालेंगे कप्तानी
स्टोक्स की गैरमौजूदगी में अनुभवी बल्लेबाज जो रूट इंग्लैंड टीम की कमान संभालेंगे। वहीं तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर की टीम में वापसी हुई है। आईपीएल 2026 के व्यस्त कार्यक्रम के बाद वर्कलोड मैनेजमेंट के कारण उन्हें पहले टेस्ट में आराम दिया गया था।
क्या है पूरा विवाद?
रिपोर्ट्स के अनुसार, न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में जीत के बाद स्टोक्स और एटकिंसन लंदन के चेल्सी स्थित एक नाइटक्लब पहुंचे थे। इसी दौरान वहां मौजूद रग्बी क्लब सारासेन्स के खिलाड़ियों के साथ कथित विवाद हुआ। मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया है कि झड़प के दौरान एक खिलाड़ी ने एटकिंसन पर हमला करने की कोशिश की, लेकिन मुक्का सुरक्षा गार्ड को लग गया।
नियम तोड़ना भी पड़ा भारी
बताया जा रहा है कि इंग्लैंड टीम के खिलाड़ियों पर आधी रात के बाद बाहर न रहने का नियम लागू था। स्टोक्स और एटकिंसन पर इस नियम के उल्लंघन का भी आरोप है। इसी बीच ब्रिटिश मीडिया में स्टोक्स के टेस्ट कप्तानी भविष्य को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं और उनके संभावित इस्तीफे या पद से हटाए जाने की चर्चाएं भी सामने आ रही हैं।

