शिक्षक दिवस पर प्रदेश के बेरोजगारों का भोपाल में हल्लाबोल
भोपाल : योग्यता साबित करने के बाद भी बेरोजगारी का दाग झेल रहे हजारों अभ्यर्थी अब सरकार से हक की लड़ाई लड़ने के मूड में आ गए हैं। शिक्षक दिवस पर प्रदेश के अतिथि शिक्षक, उच्च माध्यमिक, माध्यमिक और प्राथमिक शिक्षक राजधानी में जुटें और उन्होंने नियुक्ति देने के लिए आंदोलन किया। इस दौरान विभिन्न विभागों में खाली पड़े पदों पर सीधी भर्ती के साथ चयनित हो चुके कैंडिडेट को नियुक्ति देने की मांग की गई।
इस मौके पर बेरोजगार सेना के नेतृत्व में जैसे ही युवाओं ने सीएम हाउस की तरफ रुक किया तो पुलिस ने नीलम पार्क में ही उन्हें रोक लिया। पुलिस के लाख समझाने के बाद भी बेरोजगार युवा नहीं माने तो पुलिस अधिकारी के नेतृत्व में बेरोजगार सेना के एक डेलिगेशन को सीएम हाउस भेजा गया तब जाकर बेरोजगार युवा शांत हुए।
युवाओं ने कहा कि ईएसबी की योग्यता और पात्रता परीक्षा को पास कर ये वेटिंग शिक्षक अपनी दक्षता पहले ही साबित कर चुके हैं। बावजूद इसके लोक शिक्षण संचालनालय उन्हें नियुक्ति नहीं दे पा रहा है। लगातार हो रहे प्रदर्शनों के बाद भी स्कूल शिक्षा विभाग भर्ती को लेकर स्थिति साफ नहीं कर पा रहा है। इस वजह से हजारों शिक्षित बेरोजगारों में असंतोष बढ़ रहा है।

