MP News : तंत्र-मंत्र के नाम पर ‘इलाज’ का जाल, डर दिखाकर लूटे लाखों, 12 लाख की संपत्ति संग गिरोह गिरफ्तार
- Rohit banchhor
- 13 Feb, 2026
तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 12 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की गई है।
MP News : अनूपपुर। अनूपपुर जिले के रामनगर थाना क्षेत्र में झाड़-फूंक और चमत्कारी इलाज का झांसा देकर लाखों की ठगी करने वाले शातिर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। त्वरित कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 12 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की गई है।
पीड़ित लक्ष्मण सिंह पोरते ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके पिता को लकवा होने के बाद आरोपियों ने घर में पूजा-पाठ और टोना-टोटका का नाटक रचा। इसके बाद तंत्र-मंत्र से अनिष्ट की धमकी देकर परिवार को डराया और इलाज के नाम पर नगदी व सोना-चांदी के आभूषण हड़प लिए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगनाथ मरकाम और एसडीओपी आरती शाक्य के मार्गदर्शन में दबिश देकर तीनों आरोपियों को धर दबोचा गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 7.5 लाख रुपये के सोना-चांदी के आभूषण, 3.61 लाख रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, तंत्र-मंत्र से जुड़ी किताबें और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में सत्या नाई उर्फ सत्यनारायण सेन, सुखनाथ उर्फ विश्वनाथ गिरी और लीला गिरी शामिल हैं।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह भी खंगाला जा रहा है कि उन्होंने अन्य किन इलाकों में इसी तरह की ठगी को अंजाम दिया है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि चमत्कारी इलाज और तंत्र-मंत्र के नाम पर किसी के झांसे में न आएं।

