MP Crime : सगाई के बाद खून से टूटा रिश्ता, मोबाइल में दूसरी लड़की की फोटो बनी वजह, मंगेतर ने ही कर दी हत्या
- Rohit banchhor
- 14 Feb, 2026
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि युवक की हत्या किसी बाहरी शख्स ने नहीं, बल्कि उसकी नाबालिग मंगेतर ने की।
MP Crime : कटनी। कटनी जिले के रीठी थाना क्षेत्र के ग्राम खम्हरिया में एक रिश्ते का दर्दनाक अंत सामने आया है। सगाई के बाद जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहीं होने वाली दुल्हन ने अपने मंगेतर की जान ले ली। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि युवक की हत्या किसी बाहरी शख्स ने नहीं, बल्कि उसकी नाबालिग मंगेतर ने की।
जानकारी के मुताबिक, विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम पड़वार निवासी 20 वर्षीय सुनील आदिवासी अपनी शादी की तैयारियों के सिलसिले में खम्हरिया गांव स्थित मंगेतर के घर आया था। बुधवार रात वह वहीं रुका, लेकिन अगली सुबह गांव के पास उसका शव संदिग्ध हालत में मिला। गले और शरीर पर चोट के निशान मिलने से मामला हत्या का प्रतीत हुआ।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संदेह के आधार पर मंगेतर से पूछताछ की। कटनी के एडिशनल एसपी संतोष डेहरिया के अनुसार, पूछताछ के दौरान युवती के बयान बार-बार बदल रहे थे। सख्ती से पूछने पर उसने अपराध कबूल कर लिया।
मोबाइल बना हत्या की वजह-
आरोपी नाबालिग ने बताया कि उसने रात में सुनील का मोबाइल चेक किया था। उसमें किसी अन्य युवती के साथ फोटो देखकर वह भड़क गई। इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हुई। गुस्से में आकर उसने घर में रखे बिजली के तार से सुनील का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी किशोरी को अभिरक्षा में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की है और उसे किशोर न्यायालय में पेश किया गया है।

