शराब दुकानों की खैर खबर लेने निकला आबकारी अमला, स्टॉक का रिकॉर्ड रखने दी हिदायत
भोपाल। राजधानी में अवैध शराब की बिक्री, परिवहन और संग्रहण के खिलाफ आबकारी अमले की कार्रवाई जारी है। अमले ने जांच के दौरान दो पेटी शराब जब्त करने की कार्रवाई की। इसके अलावा एक दर्जन शराब दुकानों का निरीक्षण कर स्टॉक चैक किया गया। ठेकेदारों को एमएसपी से कम और एमआरपी से ज्यादा दरों पर शराब न बेचने की हिदायत अमले ने दी। सहायक आबकारी आयुक्त दीपम रायचुरा के निर्देश पर जिला आबकारी कंट्रोलर एचएस गौयल के नेतृत्व में अमले ने बरखेड़ी क्षेत्र में स्कूट पर शराब की पेटी ले जा रहे राजेश शाक्य को पकड़ा।
इसी तरह एक अन्य दबिश में बिलखिरिया क्षेत्र से एक आरोपी के कब्जे से एक पेटी देशी शराब बरामद कर प्रकरण बनाया गया। गोयल ने बताया कि आबकारी अमले ने डिपो चौराहा, पंचशील, विट्टल मार्केट, करोंद, भानपुर और पुराना किला सहित अन्य शराब दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान ठेकेदारों को हिदायत दी कि वे स्टॉक का रिकार्ड रखे। इसके अलावा स्टॉक में किसी तरह की हेराफेरी न करें।
उन्हें हिदायत दी गई कि निर्धारित दर पर शराब की बिक्री करें। एमएसपी से कम या एमआरपी से ज्यादा दरों पर शराब बेचने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसमें एक से तीन दिन के लिए शराब दुकानों का लाइसेंस निलंबित करने के साथ ही जुर्माना भी लगाया जाएगा। मालूम हो कि हाल में तीन शराब दुकानों पर इसी तरह की कार्रवाई की जा चुकी है।

