जानलेवा ठंड का कहर, फुटपाथ से मिले तीन अज्ञात शव, ठंड से मौत होने की आशंका...
MP News : भोपाल। मध्य प्रदेश में कड़ाके की तेज ठंड का दौर जारी है। ठंड की वजह से जहां बीमारियां बढ़ रही है,तो वहीं अब इस ठंड ने जान लेना भी शुरू कर दिया है। राजधानी भोपाल में अलग-अलग स्थान से तीन लावारिस शव बरामद किए गए हैं। पुलिस को आशंका है कि तीनों की मौत फुटपाथ पर सोने के चलते ठंड की चपेट में आने से हुई है। दो मौतें हनुमानगंज थाना क्षेत्र की तो एक मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। पुलिस ने फुटपाथ से शव बरामद करने के बाद पीएम के लिए भिजवाया है। साथ ही उनकी शिनाख्ती के प्रयास तेज कर दिए हैं।
MP News : तीनों ही मृतक लोग कौन थे फिलहाल यह पता नहीं चल पाया है। पुलिस मौत की असल वजह जानने के लिए पीएम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। हनुमानगंज थाना पुलिस के मुताबिक, अलग-अलग जगहों से दो अज्ञात लोगों के शव बरामद किए गए थे। पहला शव नादरा बस स्टैंड के फुटपाथ से मिला। मिटक की उम्र लगभग 40 साल बताई जा रही है। वहीं कुछ देर बाद ही दूसरा शव भोपाल ट्रैवल्स के पास से बरामद किया गया।
MP News : दोनों मृतकों की जांच की गई है लेकिन उनके पास से ऐसा कुछ भी नहीं मिला, जिससे उनकी पहचान की जा सके। दूसरी और कोतवाली थाना पुलिस ने सोमवारा स्थित भवानी चौक से एक 45 साल के अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया है। पुलिस को आशंका है कि सर्दी के कारण इसकी मौत हुई है। फिलहाल पुलिस की टीम मामले कोई जांच में जुटी हुई है।

