CG Suspend : फर्जी मान्यता और घोटाले पर गिरी गाज, नर्सिंग काउंसिल की रजिस्ट्रार सस्पेंड
- Rohit banchhor
- 08 Apr, 2026
वित्तीय अनियमितताओं और पद के दुरुपयोग जैसे गंभीर आरोपों के बाद यह कार्रवाई की गई है।
CG Suspend : रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य विभाग में बड़ा प्रशासनिक एक्शन लेते हुए नर्सिंग काउंसिल की रजिस्ट्रार दुर्गावती कुंजाम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। प्राइवेट नर्सिंग कॉलेजों को फर्जी दस्तावेजों के आधार पर मान्यता देने, वित्तीय अनियमितताओं और पद के दुरुपयोग जैसे गंभीर आरोपों के बाद यह कार्रवाई की गई है।
लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, विभागीय जांच में सामने आया कि रजिस्ट्रार ने नियमों की अनदेखी करते हुए निजी नर्सिंग कॉलेजों को गलत तरीके से मान्यता दिलाई। साथ ही वित्तीय गड़बड़ी कर शासन को आर्थिक नुकसान पहुंचाने, तथ्यों को छुपाने और भ्रमित करने वाली जानकारी प्रस्तुत करने जैसे आरोप भी प्रमाणित पाए गए।
इन गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए शासन ने उन्हें पद से हटाकर निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें रायपुर के सीएमएचओ कार्यालय में अटैच किया गया है और नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।

