QS University Rankings 2027: दुनिया की टॉप 100 यूनिवर्सिटी में नहीं है भारत नाम, IIT दिल्ली फिर बना देश का नंबर-1 इंस्टिट्यूट
QS University Rankings 2027: नई दिल्ली: दुनिया की प्रतिष्ठित QS वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2027 जारी कर दी गई है। इस बार भी भारत के लिए अच्छी खबर आई है। IIT दिल्ली ने लगातार दूसरे साल देश के सबसे बेहतर शैक्षणिक और शोध संस्थान के रूप में अपनी पहचान बनाए रखी है। संस्थान ने इस बार वैश्विक स्तर पर 118वीं रैंक हासिल की है, जो किसी भारतीय संस्थान द्वारा प्राप्त सर्वोच्च रैंकिंग की बराबरी है।
MIT ने कायम रखा दुनिया में पहला स्थान
अमेरिका की Massachusetts Institute of Technology (MIT) ने लगातार 15वें साल दुनिया की नंबर-1 यूनिवर्सिटी का स्थान बरकरार रखा है। यह रैंकिंग विश्वविद्यालयों की शिक्षा की गुणवत्ता, रिसर्च, वैश्विक प्रतिष्ठा और छात्रों के रोजगार जैसे मानकों के आधार पर तैयार की जाती है।
IIT दिल्ली की रैंकिंग में लगातार सुधार
IIT दिल्ली ने पिछले कुछ वर्षों में शानदार प्रगति की है। वर्ष 2024 में इसकी रैंकिंग 197वीं थी, जो 2025 में 150वीं और अब 2027 में 118वीं हो गई है। यानी चार साल में संस्थान ने 79 स्थानों की बड़ी छलांग लगाई है। संस्थान के अधिकारियों का कहना है कि नए पाठ्यक्रम, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के कारण यह सफलता मिली है।
रोजगार और प्रतिष्ठा में बढ़ा प्रदर्शन
IIT दिल्ली को सबसे ज्यादा फायदा "एम्प्लॉयर रेपुटेशन" और "एम्प्लॉयमेंट आउटकम्स" श्रेणियों में मिला है। नियोक्ताओं के बीच संस्थान की प्रतिष्ठा बेहतर हुई है, जिससे इसे दुनिया में 39वीं रैंक मिली। साथ ही छात्रों को बेहतर रोजगार मिलने के कारण इसकी वैश्विक स्थिति और मजबूत हुई है।
भारतीय विश्वविद्यालयों का बढ़ा दबदबा
इस साल QS रैंकिंग में भारत की 52 यूनिवर्सिटियों को जगह मिली है, जबकि 2017 में यह संख्या केवल 14 थी। जामिया मिल्लिया इस्लामिया, Jawaharlal Nehru University, BITS पिलानी, VIT और चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी सहित 18 भारतीय संस्थानों ने अपनी अब तक की सबसे बेहतर रैंकिंग हासिल की है।

